चंदौली

चंदौली।आज बूथों के लिए रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां


चंदौली। पंचायत चुनाव.2021 के क्रम में मतदान की प्रक्रिया मुकम्मल कराने के लिए रविवार को बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां संबंधित ब्लाक मुख्यालयों से रवाना होंगी। उक्त कार्यवाही निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की जाएगी। इसको लेकर शनिवार को ब्लाकों में पूरे दिन तैयारियां होती रहीं। पीठासीन अधिकारियों को मतदान सामग्री के वितरण के लिए टेबल लगाने के साथ ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। वहीं मतदान कार्मिकों को बूथों तक पहुंचाने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया। ताकि मतदान कार्मिकों को सहूलियत हो सके। विदित हो कि जिले में तीसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को सभी बूथों पर मुकम्मल होगा। इस बार जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पद के वोट एक साथ डाले जाएंगे। मतदान कराने के लिए लगभग 11 हजार मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 2359 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इसमें 2141 पोलिंग पार्टियां बूथों पर जाकर मतदान कराएंगी। वहीं शेष 218 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा जाएगा। उक्त पोलिंग पार्टियां ब्लाकों में मौजूद रहेंगी। ताकि आवश्यकता पडऩे पर उन्हें बूथों पर भेजा जा सके। सदर ब्लाक में शनिवार को एडीओ पंचायत ब्रजेश सिंह की देखरेख में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए सभी तैयारी की व्यवस्था की गई। वहीं पीठासीन अधिकारियों को मतदान सामग्री के वितरण के लिए अलग.अलग टेबल लगाए गए। इसपर कार्मिकों को मतदान सामग्री उपलब्ध करायी जाएगी। इसके बाद वाहनों से बूथों के लिए रवाना किया जाएगा। इसके बाद रूट चार्ट के अनुसार कार्मिक बूथों तक पहुंचेंगे। ब्लाकों में छाया के साथ ही पेयजल आदि की व्यवस्था की गई है। वहीं पोलिंग पार्टियों के रवानगी के दौरान अधिकारियों के साथ ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। गौरतलब हो कि २६ अप्रैल से होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत को निष्पक्ष व भयमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्घ है। चुनाव में किसी तरह का कोई अड़चन व लापरवाही न बरती जाये उसके लिए कर तैयारी पूर्ण कर रही है।