चंदौली

चंदौली।ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर सपा ने निकाला विरोध मार्च


सैयदराजा। पुलिस थाने में भाजपा नेताओं की गुंडई एवं ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ गुरुवार को समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर लोहिया वाहिनी, छात्रसभा, यूथ बिग्रेड विरोध मार्च कर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौपा गया। इस दौरान युवजन सभा के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि प्रदेश अपराधों की आग में झुलस रहा है। भाजपा के रामराज में ठोको पुलिस जनता की रक्षा के बजाय फर्जी केस बनाने और फर्जी एनकाउंटर करने में लगी रहती है। इसका फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ हत्या, लूट, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मुख्यमंत्री अपने जुमलों में रोज अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की बातें करते रहते हैं पर कोई उनको सुनता नहीं है। भाजपा सरकार में मंत्री से लेकर अधिकारी तक सब अपनी मनमानी कर रहे हैं। किसी का किसी पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। वही लोहियावाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सुधाकर मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से भाजपा सरकार आई है अपराधियों का भाग्य निर्णय भी जाति-धर्म देखकर किया जाने लगा है। प्रदेश को भाजपा ने अपनी कुनीतियों से बर्बाद किया है। इस दौरान सुजीत कनौजिया, बाबूलाल यादव, मोहम्मद आरिफ, संतोष यादव, चकरु यादव, वीरेंद्र प्रधान, दिलीप पासवान, सपा कार्यकर्तागण मौजूद रहे।