चंदौली

चंदौली। संचारी रोग अभियान का विधायक ने किया शुभारम्भ


चन्दौली। कोरोना संक्रमण से चल रही जंग के बीच मानसून ने दस्तक दे दी है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जेई, ईएस आदि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की शुरूआत की है। इसका पण्डित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय में बृहस्पतिवार को शुभारंभ दीनदयाल नगर विधायक साधना सिंह ने किया। विधायक ने बताया कि बारिश के साथ मच्छरों का प्रकोप शुरू हो जाता है। इसकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान चलाया है। यह अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। दस्तक अभियान में व्यापक शिक्षा, जागरूकता, सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन का कार्य शामिल है। प्रशिक्षित कर्मी दिमागी बुखार, कोविड.19 एवं अन्य संक्रामक रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। आज से शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान अंतर विभागीय जैसे नगर पालिका, आंगनबाड़ी, आशा एएनएम, फॉगिंग टीम आदि के साथ समन्वय करके चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वी० पी० द्विवेदी ने बताया कि हम कोरोना से भी लड़ेंगे और हर तरह के संचारी रोग से भी प्रभावी तरीके से निपटेंगे। सभी लोग अपने क्षेत्र के पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पूर्ण टीकाकरण कराए। शारीरिक स्वच्छता एवं साफ.सफाई का विशेष ख्याल रखे।