Latest News अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

चीन में कठोर प्रतिबंधों के खिलाफ सड़क पर निकले लोग, लाकडाउन खत्‍म करो के नारे


बीजिंग, चीन में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कठोर प्रतिबंधों के खिलाफ अब लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। चीन के पश्चिमी झिंजियांग क्षेत्र में कोरोना प्रतिबंधों के खिलाफ जनता का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारी लाकडाउन को खत्‍म करने की मांग कर रहे हैं। इसके पूर्व दक्षिणी चीन के ग्‍वांगजो शहर में प्रतिबंधों के नियमों को तोड़ते हुए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

झिंजियांग क्षेत्र को देश का सबसे लंबा लाकडाउन

चीन ने विशाल झिंजियांग क्षेत्र को देश के सबसे लंबे समय तक लाकडाउन के तहत रखा है। इसमें करीब 40 लाख लोग शामिल हैं। यहां के लोगों को 100 दिनों तक अपने घरों से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई। शहर ने पिछले दो दिनों में लगभग 100 नए मामलों की सूचना दी। झिंजियांग में एक करोड़ उइगर रहते हैं। अधिकार समूहों और पश्चिमी सरकारों ने लंबे समय से बीजिंग पर नजरबंद शिविरों में जबरन श्रम सहित मुख्य रूप से मुस्लिम जातीय अल्पसंख्यकों के खिलाफ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। चीन ऐसे दावों को पुरजोर तरीके से खारिज करता रहा है।

ग्‍वांगजों के वीडियो फुटेज में प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच झड़प

इस दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच झड़प भी हुई। ग्‍वांगजों के वीडियो फुटेज में लोग पुलिस वाहनों को उलटते दिख रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कोविड नियंत्रण के लिए लगाए गए बैरियर को तोड़ दिया। गौरतलब है कि कोरोना महामारी फैलाने के बाद ग्‍वांगजो में कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे। चीन में इस समय अर्थव्‍यवस्‍था में गिरावट दिख रही है। चीन में जीरो कोविड पालिसी को लेकर भारी दबाव है। कोरोना प्रतिबंधों के चलते ग्‍वांगजों शहर में काफी तनाव दिख रहे है। यहां लोगों से घरों के अंदर रहने को कहा गया है। खास बात यह है कि वहां बड़ी तादाद में प्रवासी मजदूर रहते हैं।

प्रतिबंधों के चलते आम लोग परेशान

स्‍थानीय लोगों का कहना है कि कोरोना को काबू रखने के ल‍िए उठाए गए कदमों की वजह से उन्‍हें काफी दिक्‍कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, कोरोना को लेकर चीन में कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं कि कोरोना संक्रमण के आंकड़े को बढ़ाचढ़ा कर पेश किया जा रहा है। यह कहा जा रहा है कि कंपनियां इस जरिए टेस्‍ट की अनिवार्यता को बढ़ावा देने की कोशिश में जुटी हैं। इससे उन्‍हें अधिक पैसा कमाने का मौका मिलेगा। चीन में लोगों ने कोरोना दवाओं को जमा करना शुरू कर दिया है। उधर, इस शहर में सामान्‍य चीजों की आपूर्ति भी प्रभावति हुई है।