पटना

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पाने में नालंदा ने लगायी हैट्रिक


जदयू नेताओं ने ललन सिंह के अध्यक्ष बनने पर जतायी प्रसन्नता

      • नीतीश कुमार के साथ रहा है पुराना राजनीतिक सरोकार
      • लालू राबड़ी शासन को उखाड़ फेंकने में भी निभाई है अहम भूमिका

बिहारशरीफ (आससे)। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के चुने जाने पर जिला जदयू के लोगों में खुशी का माहौल है। ललन सिंह के जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही जदयू के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में नालंदा के लोगों ने हैट्रिक लगा दी है।

बताते चले कि निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह नालंदा जिले के ही थे। हालांकि वे इस पद पर एक साल से भी कम अवधि तक रह सके। एक व्यक्ति एक पद के पार्टी के सिद्धांत के तहत आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा। उनके पूर्व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। वे भी नालंदा जिला के रहने वाले थे। इस प्रकार जदयू के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है और जिले के लगातार तीन नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को सुशोभित कर चुके है।

बताते चले कि राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भले ही मुंगेर के सांसद हो, लेकिन नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड के गिलानी चक के रहने वाले है। नीतीश कुमार के साथ उनका लंबा राजनीतिक पारी रहा है। बिहार से लालू-राबड़ी शासन के समाप्ति के लिए नीतीश कुमार द्वारा छेड़ा गया मुहिम में वे सक्रिय भूमिका निभाये थे। बिहार के चर्चित चारा घोटाले में ललन सिंह ही वह राजनीतिज्ञ थे जो चारा घोटाले के मामले को लेकर लालू प्रसाद को अभियुक्त बनाने के लिए उच्च न्यायालय का शरण लिया था।

जिला जदयू के नेताओं ने ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि जदयू राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो सकेगा।