Latest News आगरा उत्तर प्रदेश

जन्मदिन पार्टी के दौरान आगरा में गिर पड़ी घर की छत, दो की मौत, 15 घायल


  • आगरा, : खबर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से है, यहां जन्मदिन पार्टी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा ताजगंज थाना क्षेख के धांधूपुरा गांव में स्थित आरपी नगर कॉलोनी में रविवार रात को हुआ है। यहां रहने वाले गजेंद्र हरि वर्मा के दो मंजिला मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में 17 लोग मलबे में दब गए।

चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। वहीं, मलबे में दबे लोगों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गजेंद्र हरि वर्मा मकान में रहते नहीं हैं। उनके परिचित गांव धांधूपुरा के अनिकेत चौधरी का रविवार को जन्मदिन था। उसने गजेंद्र हरि वर्मा के मकान में पार्टी आयोजित की थी। छत पर पार्टी चल रही थी।

50-60 रिश्तेदार और दोस्त आए थे, जो डीजे पर डांस कर रहे थे। बताया कि रात तकरीबन साढ़े नौ बजे लोगों के भार की वजह से पुराने मकान की गार्डर और पत्थर की छत भरभराकर गिर गई। दूसरी मंजिल की छत गिरने से पहली मंजिल की छत भी ढह गई। लोग भूतल पर आकर गिरे। सभी मलबे में दब गए। हादसे के बाद चीखपुकार मचने पर ग्रामीण आ गए। बाद में थाना ताजगंज की फोर्स और दमकलकर्मी भी पहुंच गए। उन्होंने बचाव कार्य के बाद लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।