पटना

जवाद तूफान की वजह से बिहार में कल हो सकती है बारिश, ठंड में होगा इजाफा


पटना। जवाद तूफान का असर दिखने लगा है। भले ही तूफान रविवार को ओडिशा तट से टकराने वाला हो, लेकिन पुरी में तेज बारिश शुरू हो गई है। तेज हवाएं भी चल रही हैं। सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की 64 टीमें भी तैनात की गई हैं। वहीं इसका असर बिहार में भी पड़ेगा। बताया जाता है कि जवाद तूफान की वजह से कल बिहार के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। ठंड में भी इजाफा हो सकता है। बिहार में दो 2 से 5 डिग्री तक तापमान गिर सकता है। इसे लेकर ​कटिहार समेत बंगाल से सटे बॉर्डर वाले बिहार के जिलों में रेलवे ने भी अपनी चौकसी बढ़ा दी है।

दरअसल, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हवा का गहरा दबाव चक्रवाती तूफान ‘जवाद’ में तब्दील हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 65 किमी प्रति घंटा की गति से यह उत्तरी आंध्र प्रदेश तट और ओडिशा तट पर टकराएगा। इसका असर तटों पर टकराने के 12 घंटे बाद तक रहेगा। उससे भी अधिक देर रह सकता है।

दूसरी ओर, जवाद तूफान को लेकर रेलवे भी अलर्ट मोड में आ गया है। तूफान को लेकर एनएफ रेल मंडल भी विशेष सतर्कता बरत रहा है। कटिहार रेल मंडल होकर दक्षिण भारत से आने व जानेवाली सभी ट्रेनों को अगले आदेश तक के लिए रद्द कर दिया है, जिसमें कटिहार रेल मंडल से होकर गुजरने वाली करीब आधे दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। कटिहार रेल मंडल के एडीआरएम चौधरी विजय कुमार ने बताया कि जवाद तूफान को लेकर कटिहार रेल मंडल पूरी तरह से सतर्क है।