Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जशपुर में गुटीय संघर्ष पर बोले CM : जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण


  • रायपुर। जशपुर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में गुटीय संघर्ष पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि इस घटना को रोका जा सकता था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने स्पष्ट कर दिया है। अब बार-बार उस पर सवाल उठाकर माहौल खराब नहीं करना चाहिए। जो हुआ वह दुर्भाग्यजनक है।

लखनऊ रवाना होने से पहले प्रेस के सवालों का जवाब दे रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, जशपुर में जो घटना घटी है उसे टाला जा सकता था। यह दुर्भाग्यजन है, ऐसा नहीं होना चाहिए था। रविवार को जशपुर में आयोजित कांग्रेस के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मारपीट और बवाल हो गया था। इसमें पूर्व जिला अध्यक्ष और माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य पवन अग्रवाल भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में टीएस सिंहदेव के योगदान की बात की। उनकी बात अभी पूरी भी नहीं हो पाई थी कि जशपुर कांग्रेस जिला अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इफ्तिखार हसन ने मंच पर पहुंचकर उनसे माइक छीन लिया। इस दौरान पवन अग्रवाल को धक्का मारा गया। थप्पड़ लगाए गए। पवन अग्रवाल का आरोप है कि कुनकुरी विधायक यूडी मिंज के इशारे पर उनके साथ धक्कामुक्की और बदसलूकी की यह घटना हुई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रवाना हो गए हैं। वे 26 अक्टूबर तक लखनऊ में रहेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस की चुनावी मशीनरी पर काम होगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर हवाई अड्‌डे से विशेष विमान से सुबह 11.45 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। यहां से वे मुख्यमंत्री गोमती नगर के निजी होटल पहुंचेंगे। लखनऊ में कांग्रेस के सीनियर पदाधिकारियों और रणनीतिकारों के साथ उनकी कई दौर की बैठकें तय हैं। इन बैठकों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद होंगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का सीनियर ऑब्जर्वर बनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह दूसरा दौरा होगा जिसमें वे संगठन पदाधिकारियों से चुनाव के संबंध में बात करेंगे।