पटना

जहानाबाद: कई कांडों में वांछित नक्सली नेता कवि जी गिरफ्तार


हुलासगंज थाना से जुड़े तीन और परसबीघा थाना से एक मामले में थी पुलिस को तलाश

जहानाबाद। जिले की पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हांथ लगी है। कड़ौना ओपी की पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के एक ओहदेदार नेता कवि जी को गिरफ्तार किया है। एसपी दीपक रंजन ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार नक्सली कवि जी हुलासगंज थाने में तीन और परस बिगहा थाने में दर्ज एक मामले में वांछित रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए काफी दिनों से प्रयास में जुटी थी। पुलिस को उसके ठिकाने के बारे में जानकारी मिली थी।

जानकारी मिलने के बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार जब जहानाबाद जिले में नक्सलवाद चरम पर था, तब संगठन में कवि जी का ओहदा काफी बड़ा था। संगठन के शीर्ष नेताओं से उनके काफी अच्छे संबंध रहे थे और जहानाबाद जिले में उनके ऊपर संगठन की बड़ी जिम्मेवारी भी थी। बहरहाल, पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी है और आसपास के जिलों से उनका अपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।