पटना

जहानाबाद: दहेज की मांग पूरी ना होने पर महिला को बुरी तरह से पीटा, इलाज के क्रम में महिला की हुई मौत


गुस्साए परिजन शव लेकर पहुंचे थाना

जहानाबाद। नगर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में दहेज की मांग पुराना होने पर पति व ससुराल वालों ने विवाहिता को इतनी बुरी तरह से पीट दिया कि इलाज के क्रम में महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजन उसका शव लेकर नगर थाना पहुंच गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए कार्रवाई एवं एफ़आईआर करने का भरोसा दिया। इधर कार्रवाई एवं एफ़आईआर का भरोसा मिलने के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका महमदपुर गांव निवासी धार्मवीर कुमार की पत्नी ममता देवी बताई जा रही है। हत्या का आरोप उसके पति एवं अन्य परिजनों पर लगाया जा रहा है।

घटना के संबंध में मृतका के परिजनों ने बताया कि गौरापुर गांव की रहने वाली ममता देवी की शादी चार साल पूर्व महमदपुर गांव के रहने वाले धार्मवीर कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद से ही दहेज में बाइक की मांग की जाने लगी। पति एवं ससुराल वाले विवाहिता के साथ अक्सर मारपीट एवं प्रताड़ित करने लगे। परिजनों ने बताया कि इस दौरान उनलोगों ने सुलह करने का कई बार प्रयास भी किया तथा बाइक देने में असमर्थता जताई। बावजूद इसके विवाहिता पर पति एवं ससुराल वालों का कहर जारी रहा।

अंततः ससुराल वालों ने ममता देवी को मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया, जहां वह घायल अवस्था में तड़प रही थी। इस बात की खबर पाकर मायके वाले उसके घर पहुंचे तो मायके वालों के साथ भी मारपीट की गई। मायके वालों ने किसी तरह ममता देवी को घायल अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाए, जहां आज इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी।

मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। जब इसकी शिकायत नगर थाने की पुलिस से की गई तो प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। परिणाम यह हुआ कि ममता देवी की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव  लेकर नगर थाना के मुख्य द्वार पर  पहुंच गए और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने लोगो को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।