पटना

जहानाबाद: नहर में डूबने से दो चचेरे भाईयों की मौत


दादा के श्राद्धकर्म में शामिल होने दिल्ली से आएं थे दोनो बच्चे

मखदुमपुर (जहानाबाद)। प्रखण्ड क्षेत्र के सोलहंडा गांव स्थित नहर में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे अपने दादा के श्राद्धकर्म में आए थे। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी राजेश कुमार का 14 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार एवं विमलेश कुमार का 15 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार रविवार की देर शाम नहर किनारे गया था। उसके बाद उसका कोई अता पता नहीं चल सका। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने बच्चों की खोजबीन शुरू की, पर दोनों नहीं मिले। वहीं सोमवार की सुबह जब ग्रामीणों ने नहर में दोनों बच्चों के शव को देखा तो इसकी सूचना थाना को दी गयी।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वही ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे अपने दादा के श्राद्ध में आए हुए थे। दोनों के पिता दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते हैं। दोनों भाई अपने-अपने बेटे के साथ पिता के श्राद्धकर्म में शामिल होने दिल्ली से गांव आए थे। सभी लोग श्राद्धकर्म में आए परिजनों के साथ व्यस्त थे और उधर घटना हो गयी। इस घटना से ग्रामीण हतप्रद है। ग्रामीणों ने बताया दोनों किशोर हंसमुख थे। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। वहीं महिलाओं के चित्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया है।