पटना

जहानाबाद: मत्स्य बीज हैचरी के विकास को ले परियोजना का तैयार करें प्रस्ताव : डीएम


डीएम ने बड़ी पनिहास मत्स्य बीज प्रक्षेत्र योजना का किया निरीक्षण

जहानाबाद। जिलाधिकारी हिमांशु कुमार राय ने शनिवार को काको प्रखंड अंतर्गत बड़ी पनिहास मत्स्य बीज प्रक्षेत्र एवं प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित पदाधिकारी को कई आवश्यक निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पाया कि मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पर अधिष्ठापित हैचरी एवं बीज फार्म का उन्नयन किया जाना आवश्यक है, जिसके लिए उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी को शीघ्र जीर्णाेद्धार कराने का निदेश दिया।

जिला मत्स्य पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जहानाबाद, अरवल, गया एवं औरंगाबाद जिले में एक भी मत्स्य बीज हैचरी निजी अथवा सरकारी क्षेत्र में कार्यरत नहीं है। यदि काको प्रखंड अंतर्गत बड़ी पनिहास मत्स्य प्रक्षेत्र को जीर्णाेद्धार किया गया तथा अधिष्ठापित हैचरी को भी ठीक कर विभागीय प्रबंधन में संचालित किया जाता है, तो इस हैचरी से वर्णित जिले के मत्स्य पालकों को उन्नत नस्ल के मत्स्य बीज की आपूर्ति की जा सकेगी। साथ हीं जीर्णाेद्धार के उपरांत इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित भी किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने जिला मत्स्य पदाधिकरी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को शीघ्र मत्स्य बीज हैचरी के विकास को लेकर परियोजना प्रस्ताव समर्पित करने का निदेश दिया। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत धनगांवा गांव की निवासी सरस्वती देवी द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत एक एकड़ जलक्षेत्र में नवनिर्मित नया तालाब निर्माण किया गया, जिसमें वर्तमान में तालाब में पंगेशियस मछली का पालन किया जा रहा है।

जिलाधिकारी को सरस्वती देवी द्वारा बताया गया कि प्रति वर्ष दो फसल मछली का उत्पादन किया जा रहा है एवं एक एकड़ जलक्षेत्र से 5 लाख का शुद्ध आमदनी होने की संभावना है। भ्रमण के दौरान उप मत्स्य निदेशक, मगध परिक्षेत्र, गया, सहायक अभियंता, मगध परिक्षेत्र, गया, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, जहानाबाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।