पटना

जहानाबाद: वरिष्ठ नेता वीरेंद्र शर्मा के निधन पर शोक की लहर


लोगों ने कहा, सामाजिक समरसता के विचारधारा वाले व्यक्ति थे

जहानाबाद। जिले के वरिष्ठ नेता व कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा के निधन की खबर से जिले के राजनैतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर पूर्व मंत्री डॉ रामजतन शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वीरेंद्र बाबू की कमी हमेशा खलेगी। उनसे मेरे राजनैतिक के साथ ही निजी संबंध भी थे। वे एक जुझारू व अच्छे स्वभाव वाले व्यक्ति थे। उनके निधन की खबर से मुझे निजी तौर पर काफ़ी गहरा धक्का लगा है।

वहीं कांग्रेस नेता सह शिक्षाविद प्रो डॉ चंद्रिका प्रसाद यादव ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि वीरेन्द्र शर्मा जी सामाजिक समरसता के विचारधारा वाले व्यक्ति थे। वे सदैव समाज के सेवा में समर्पित रहते थे। वे मखदुमपुर प्रखंड में पुराने मुखिया के तौर पर काफ़ी सम्मानित व्यक्ति थे। शिक्षाविद के रूप में इन्होंने ख्यातिप्राप्त किया था। आज वे हमलोग के बीच नहीं रहे लेकिन उनकी कृति हमेशा स्मरणीय रहेगा।

इधार कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस परिवार को काफ़ी क्षति पहुंचा है। वीरेंद्र बाबू आजीवन कांग्रेसी रहे और समर्पित भाव से पार्टी को आगे ले जाने का काम करते रहे। उनके निधन से जिले के कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

शोक व्यक्त करने वाले में कांग्रेस नेता प्रो भूषण कुमार सिंह, कन्हैया जी, प्रवीण शर्मा, गौरीशंकर यादव, नवीन शर्मा, उपेन्द्र कुशवाहा, पूर्व जिला युवाध्यक्ष अशोक प्रियदर्शी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष कमला देवी, डॉ संजय कुमार, नगरध्यक्ष सरवर सलीम, रामचन्द्र साव सोनी आदि शामिल हैं।