पटना

जहानाबाद: सीआरपीएफ़ जवान के पत्नी से सामुहिक दुष्कर्म के बाद हत्या


नग्न अवस्था में बधार में पड़ा मिला शव, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम

जहानाबाद। जिले में सीआरपीएफ़ के एक जवान की पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने का मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह महिला का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना परसबिगहा थाना क्षेत्र के चौनपुरा गांव की है। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर जहानाबाद-शकुराबाद मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया और अपराधिायों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि महिला शुक्रवार की सुबह आठ बजे शौच जाने के लिए घर से निकली थी। उसके बाद वह वापस नहीं आई। परिजनों ने काफ़ी खोजबीन की पर कहीं उसका पता नहीं चला, जिसके बाद इसकी शिकायत थाने में भी की गई। वहीं शनिवार की सुबह महिला का शव नग्न अवस्था में गांव के बधार में पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। महिला का कपड़ा पास के ही एक चिमनी भट्ठा से मिला है। परिजनों ने कहा कि जिस तरह से अपराधिायों ने मृतका के साथ जघन्य अपराध किया है, इससे पूरे जिले की मर्यादा शर्मसार हुई है। परिजनों ने अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

इधर पुलिस भी मामलें की जांच में जुट गई है। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एएसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि महिला शुक्रवार की सुबह शौच के लिए गई थी लेकिन शाम तक वापस घर नहीं लौटी। शनिवार की सुबह उसका शव गांव के बधार में नग्न अवस्था में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला साफ़ होगा। जानकारी के अनुसार महिला की शादी औरंगाबाद के दाउदनगर के रहने वाले एक सीआरपीएफ़ जवान से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से दोनों के रिश्ते में खटास आ गई, जिसके बाद से महिला अपने मायके में ही रह रही थी।