पटना

जहानाबाद: सुबह में बाजारों में उमड़ रही भीड़, सड़कों पर लग रहा जाम


सब्जी मंडियों में नही रखा जा रहा शरीरिक दूरी का ख्याल

जहानाबाद। जिले में लागू लॉकडाउन का असर सुबह में दिखाई नहीं दे रहा है। बाजार में लोगों की भीड़ तो वहीं सड़क पर वाहनों की जाम लग रही है। हालांकि जिले में वाहनों के प्रवेश के लिए ई-पास जरूरी कर दिया गया है और इसके लिए सीमा पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फि़र भी सुबह में वाहनों की आवाजाही अधिक देखी जा रही है। इसके साथ ही शहर में ऑटो चालक भी अपनी वाहन चलाते नजर आ रहे हैं।

अरवल मोड़ पर बन रही जाम की स्तिथि

जिलाधिकारी द्वारा निर्देश जारी किया गया था कि लॉकडाउन में केवल आवश्यक सेवा वाले वाहन ही चलेंगे। परन्तु, सुबह होते ही अरवल मोड़ पर आम दिन की तरह लोगों की जमघट लग रही है। कई बार तो जाम की भी स्तिथि बन जा रही है। ऐसे में कोरोना श्रृंखला को तोड़ना मुश्किल लग रहा है। हालांकि मोड़ पर पुलिस भी मौजूद रहती है जिनकी पैनी नजर वाहन चालकों पर जरूर रहती है।

सब्जी मंडियों में नही रखा जा रहा शारीरिक दूरी का ख्याल

सब्जी मंडी में भी लोग शारीरिक दूरी को भूल जा रहे हैं। अधिकांश खाद्यान्न के दुकान पर ग्राहकों के लिए सफ़ेद घेरा नहीं बनाया गया है। दुकानदार अपनी सुरक्षा को लेकर दो गज की दूरी पर घेरा बनाना नहीं भूलते हैं। हालांकि ग्यारह बजते ही पुलिस की चहलकदमी बढ़ जा रही है। सायरण की आवाज सुनते ही दुकानदार शटर गिराकर अपने घर में दूबक जा रहे हैं। आवश्यक सामग्री खरीददारी करने वाले लोग भी समय का जरूर ख्याल रख रहे हैं। प्रतिबंधित समय समाप्त होते ही जल्दी-जल्दी घर में आना मुनासिब समझते हैं।

प्रखण्ड मुख्यालयों में सुबह रहती है भीड़भाड़

प्रखंड मुख्यालयों में भी यही हालात है। 11 बजे के पहले तक आवागमन प्रारंभ रहता है। सब्जी मंडी से लेकर मुख्य बाजारों में काफ़ी भीड़भाड़ और गहमा गहमी का माहौल रहता है। वहीं समय समाप्त होते ही काको, मोदनगंज, घोसी, हुलासगंज, मखदुमपुर तथा रतनी फ़रीदपुर प्रखंड मुख्यालय में पुलिस सख्त हो जा रही है।