पटना

जाले: उपसमाहर्ता ने किया नलजल योजना का निरीक्षण


जाले (दरभंगा)(आससे)। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को उपसमाहर्ता आलोक राज, जाले बीडीओ राजेश कुमार के साथ प्रखण्ड के अहियारी उत्तरी पंचायत स्थित पंचायत कार्यालय दिन के 12 बजे पहुचकर, नलजल योजना का जायजा लिया एवम उससे सम्बंधित सभी अभिलेखों का गहनता से अध्ययन किया। इस दौरान अधूरे अभिलेखों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश लेखापाल को दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपसमाहर्ता श्री राज ने कहा कि अहियारी उत्तरी पंचायत में निर्माण हुए नलजल योजना में जो भी पाइप की गुणवत्ता व गहराई में कमी पाई गई है, उसे जल्द से जल्द दुरुस्त करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर नलजल योजना में वार्ड सदस्य द्वारा पाए गए कमी को समय पर दूर नही किया गया,तो उनके विरुद्ध कानूनी कारवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी वार्ड सदस्यों से पौजेटिव माइंड से काम करने का सुझाव देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति नलजल योजना से फायदा लेने के बाद भी पैसा नही देता है, तो उसे छोड़कर आगे का काम बढाइये। अगर एक सौ आदमी में दस व्यक्ति पैसा नही भी जमा करे, तो भी ऐसी हालत में उसको पानी बंद नही करके अन्य लोगो से मिले पैसे से मेंटिनेंस करे। उन्होंने गर्मी को देखते हुए जितनी आवश्यकता हो पानी की आपूर्ति करने का सुझाव दिया।

बीडीओ राजेश कुमार ने कहा कि जो भी पैसा मेंटेनेंस में खर्च आता है, उसका भाउचर रखे एवम इसे वार्ड क्रियान्वयन कमिटी की बैठक में पास करा कर पैसा खर्च करे, ताकि सरकार से मेंटेनेंस के नाम पर मिलने वाले पैसे से इसका समायोजन हो सके। इसके उपरांत उपसमाहर्ता श्री राज, बीडीओ, स्थानीय मुखिया सूर्यनारायण शर्मा, पंचायत सचिव भगवान झा व वार्ड सदस्यों के साथ दो बजे के करीब वार्ड पांच पहुचे, जहां किसी भी प्रकार की कोई कमी नही पाई गई। लगभग सभी पाइप दो फीट से अधिक गहराई में पाए गए। पाइप की गुणवत्ता सही मिली।

इसके बाद उपसमाहर्ता ने बारी बारी से वार्ड चार, दो, सात व दस में नलजल योजना का स्थलीय जांच किया। इस दौरान सम्बंधित वार्ड में बिछाए गए पाइप की गुणवत्ता व इसकी गहराई को मजदूरों से खुदाई कराकर देखा, जहां डेढ़ फिट से लेकर दो फीट की गहराई में पाइप विछाये गए पाए गए। वहीं कई चैंबर के ऊपर स्लैब व मोटर पम्प घर मे स्टेपलाइजर नही पाया गया। इस कमी को देखते हुए जल्द से जल्द इसे दुरुस्त कराने का निर्देश सम्बंधित वार्ड सदस्यों को दिया।

इस संदर्भ में बीडीओ ने बताया कि नलजल योजना का काम मानक के अनुरूप नही होने के कारण वार्ड दो,चार,सात एवम दस के वार्ड सदस्य के विरुद्ध कानूनी कारवाई की जाएगी। मौके पर राजगीर महतो, उपमुखिया दीपक कुमार ठाकुर, सतेंद्र ठाकुर, किशोरी मण्डल, संगीता देवी, मंतोरिया देवी, चुनचुन ठाकुर, पानो देवी, दशई पासवान आदि वार्ड सदस्य मौजूद थे।