रांची

झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष पवन मारू का निधन


झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष पवन मारू का निधन
रांची। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष और रांची एक्सप्रेस के पूर्व संपादक पवन मारू का शुक्रवार को कोलकाता में निधन हो गया। वह किडनी रोग से पीड़ित थे। रांची एक्सप्रेस अखबार के पूर्व संपादक और संचालक पवन मारू के छोटे भाई राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू ने कहा कि उनके परिवार का एक हीरा चला गया। बड़े भाई विजय मारू निशब्द हैं। वो बिल्कुल गुमशुम और खामोश हैं। स्वर्गीय सीताराम मारू के द्वितीय पुत्र पवन मारू कुछ साल पहले अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिहाज से बेंगलोर शिफ्ट कर गये थे। उनके दो बेटे हैं। पत्नी साथ में ही रहती थी। पवन मारू एक सामाजिक योद्धा थे। समाजसेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। वह अपने सहयोगियों पर जान छिड़कते थे। पवन मारू के निधन की फैली खबर से रांची में शोक की लहर है। व्यवसायी जगत में भी दुख की लहर है। पवन झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष भी रह चुके थे। दूसरी ओर पवन मारू के निधन पर रांची के सांसद संजय सेठ ने गहरा शोक जताया है।
सांसद ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पवन मारू का असामयिक निधन न सिर्फ उनके परिवार बल्कि राँची के समाज व व्यवसाय जगत के लिए बड़ी क्षति है। पवन मारू ने झारखंड के इकलौते अखबार राँची एक्सप्रेस के माध्यम से न सिर्फ पत्रकारिता की एक मिसाल कायम की बल्कि चेंबर ऑफ कॉमर्स के माध्यम से व्यवसाय जगत को भी अपनी सेवाएं दी। पवन मारू का निधन सामाजिक क्षेत्र की भी बड़ी क्षति है। उन्होंने पवन मारू के निधन पर ईश्वर से उनके लिए मोक्ष की प्रार्थना की और कहा कि ईश्वर उनके परिवार और समाज को दु:ख की इस घड़ी से उभरने का साहस प्रदान करें।