Latest News झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

झारखंड में भाजपा ने कसी कमर, चाईबासा पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह


रांची। झारखंड में राजनीतिक सरगर्मियां एक बार फिर से तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृहमंत्री का कल राज्‍य में आगमन हुआ है और आज वह चाईबासा में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार का शंखनाद करने वाले हैं। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। लोग भी धीरे-धीरे कार्यक्रम स्‍थल पर पहुंचने लगे हैं, भीड़ जुटने लगी है। 

कार्यक्रम में उपस्थित कई नामी-गिरामी नेता

कार्यक्रम के आयोजकों की तरफ से पुलिस से आग्रह किया जा रहा है कि वे लोगों को जांच करने के बहाने नहीं रोकें और उन्‍हें आगे भेजते रहें। कार्यक्रम के मंच पर सांसद बीडी राम, निशिकांत दुबे, जयंत सिन्हा, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, संजय सेठ, नीलकंठ सिंह मुंडा, आशा लकड़ा, रविंद्र राय, जेबी तुबिद, प्रदीप वर्मा आदि पहले से मौजूद हैं। इधर, अमित शाह का हेलीकाप्टर भी सभास्थल पर पहुंच चुका है।

चाईबासा में गृहमंत्री का भव्‍य स्‍वागत

हेलीपैड में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और वरीय नेताओं ने उन्‍हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। अमित शाह हेलीकॉप्टर से उतरकर सीधे कोल्हान विश्वविद्यालय में बने ऑडिटोरियम में पहुंचे। केंद्रीय गृहमंत्री यहां कोल्हान में भाजपा के जनाधार को बढ़ाने और संसदीय सीट को जीतने का मंत्र कार्यकर्ताओं के बीच देंगे। इसके बाद वह टाटा कॉलेज मैदान में बने कार्यक्रम स्थल पर विजय संकल्प महारैली को संबोधित करेंगे।

हेमंत सरकार ने प्रदेश को बनाया खोखला: मेनका सरदार

इधर, कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा, हेमंत सरकार ने झारखंड को खोखला कर दिया है। सड़कों का शिलान्यास हुआ लेकिन काम नहीं, स्कूलों का भी यही हाल है, महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़ा है। सभी कार्यकर्ता यहां से संकल्प लेकर जाएं कि अपने-अपने क्षेत्र में विधायक और सांसद उम्मीदवार को जिताएंगे।

झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने में जुटी भाजपा

सांसद समीर उरांव ने कहा, हम लोग झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जुटे हैं और यही संदेश लेकर जाएंगे। माटी, बेटी और रोटी का सवाल जस का तस बना हुआ है। झारखंड में विकास कार्य भाजपा की सरकार में ही हुआ था। अब भ्रष्टाचार चरम पर है। आईएएस तक जेल जा रहे हैं।

इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा, यहां की भीड़ बता रही है कि लुटेरों का राज खत्म होने वाला है। तीन वर्षों के जंगल राज में आम लोगों की भारी अनदेखी हुई। लीज नहीं मिलने के कारण अधिसंख्यक खदान बंद हैं। रोजगार की समस्या बढ़ी है।

मुख्‍यमंत्री के दामन में है खून: पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बताया, आदिवासी के मान, सम्मान और उत्थान का काम भाजपा की सरकार में ही हुआ है। आदिवासी को राष्ट्रपति बनाने का काम मोदी सरकार ने की। झारखंड में भी जनजातियों के लिए बहुत कुछ भाजपा सरकार ने किया। हमारी सरकार ने यहां मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रयास किया, लेकिन कमीशन की योजना को बंद कर दिया गया। जिस मुख्यमंत्री के दामन में खून है, वह जोहार यात्रा कर रहा है। आज इस सरकार के विरोध में उलगुलान की जरूरत है।

चाईबासा से विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्र मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 15 नवंबर बिरसा मुंडा के जयंती को जनजातीय दिवस के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही लागू किया।