पटना

डा. शैबाल गुप्ता को पद्मश्री


उनकी पत्नी डा. उषाशी गुप्ता ने ग्रहण किया पुरस्कार

पटना (आससे)। पिछले सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में स्व. डा. शैबाल गुप्ता को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी ओर से राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में उनकी पत्नी डा. उषाशी गुप्ता ने पुरस्कार ग्रहण किया। डॉ गुप्ता को यह नागरिक सम्मान साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए मिला है। उनके विश्लेषणात्मक और सूचनात्मक लेख अकादमिक पत्रिकाओं और प्रसिद्ध राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्रों के संपादकीय पृष्ठ दोनों में लगातार छपते थे। वह बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध थे और उन्होंने बहुत ही प्रतिकूल परिस्थितियों में बिहार में एक विश्व स्तरीय अनुसंधान केंद्र, एशियन डेवलनमेंट रिसर्च इंस्टीच्यूट (आद्री) की स्थापना की।

इस भव्य सभा में माननीय उपराष्ट्रपति, वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश, एन.वी. रमण, गृह मंत्री, अमित शाह और अन्य प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे। समारोह में शैबाल गुप्ता की पुत्री डा. अस्मिता गुप्ता भी अपनी मां के साथ शामिल हुईं। शाम में गृह मंत्री ने सभी पुरस्कार विजेताओं के लिए रात्रि भोज की मेजबानी की, जिसमें कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ पदाधिकारी और नागरिक समाज के सदस्य शामिल हुए। इस वर्ष 128 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। डा. गुप्ता बिहार के एकमात्र प्राप्तकर्ता हैं जिन्हें 28 मार्च को आयोजित दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में पद्मश्री पुरस्कार मिला।