पटना

डीडी बिहार पर 28 से लगेगी 1ली से 5वीं कक्षा की भी पाठशाला


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य में सरकारी स्कूलों के 1ली से 5वीं कक्षा के बच्चों की पढ़ाई की की घंटी दूरदर्शन बिहार पर 28 जून से लगेगी। 1ली से 5वीं कक्षा की घंटी दिन में तीन बजे लगेगी, जो पांच बजे तक चलेगी। इसकी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। राज्य में तकरीबन 72 हजार सरकारी स्कूलों में 1ली से 5वीं कक्षा की पढ़ाई होती है। इनमें 43 हजार स्कूलों में 1ली से 5वीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है। बाकी 29 हजार स्कूलों में 1ली से 8वीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है।

1ली से 8वीं कक्षा तक के बच्चों की संख्या तकरीबन एक करोड़ 68 लाख होगी। इनमें से 6ठी से 8वीं कक्षा के बच्चों के लिए दूरदर्शन बिहार पर 27 मई से एक घण्टे की पाठशाला चल रही। 6ठी से 8वीं के तीनों कक्षाओं की पाठशाला सबेरे नौ बजे से दस बजे तक लग रही है। 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए तो 10 मई से ही दूरदर्शन बिहार पर पाठशाला चल रही है। 9वीं-10वीं कक्षा की पाठशाला सबेरे दस बजे से ग्यारह बजे तक और 11वीं-12वीं कक्षा की पाठशाला ग्यारह बजे से बारह बजे दिन लगती है।

बहरहाल, अब 1ली से 5वीं कक्षा की दूरदर्शन बिहार पर पाठशाला लगने के साथ ही इन कक्षाओं के बच्चों की भी पढ़ाई शुरू हो जायेगी।