राष्ट्रीय

दिल्ली नगर निगम के चुनावी नतीजों की तैयारियां पूरी, 1349 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला


दिल्ली में नगर निगम चुनाव के मतों की गिनती की तैयारियां पूरी कर ली गई और बुधवार को होनी वाली मतगणना के लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी। दिल्ली में चार दिसंबर को हुए चुनाव में 50.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में 250 वार्ड हैं और इस चुनाव में 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा गया। राज्य निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, “हमने कल होने वाली मतगणना के लिए तैयारी पूरी कर ली है। 42 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जाएगी।”मतगणना केंद्र शास्त्री पार्क, यमुना विहार, मयूर विहार, नंद नगरी, द्वारका, ओखला, मंगोलपुरी, पीतमपुरा, अलीपुर और मॉडल टाउन सहित क्षेत्रों में स्थित हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा की गई है और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 20 कंपनियां और 10,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को केंद्रों पर तैनात किया गया है। ‘आप’ और भाजपा दोनों ने भरोसा जताया है कि वे चुनावों में विजयी होंगे, जबकि कांग्रेस खोई हुई जमीन हासिल करने की कोशिश कर रही है।