Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली बॉर्डर से किसान आंदोलन को जींद स्थानांतरित करवाना चाहती है केंद्र सरकार: टिकैत


  1. संयुक्त किसान मोर्चा नेता राकेश टिकैत ने बृहस्पिवार को दावा किया कि केंद्र सरकार किसान आंदोलन को दिल्ली के विभिन्न सीमा क्षेत्रों से हटाकर जींद स्थानांतरित करवाना चाहती है किंतु उसकी चाल को किसान कामयाब नहीं होने देंगे। टिकैत ने यहां जींद और नरवाना के बीच स्थित खटकड़ टोल पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा, ” केंद्र सरकार दिल्ली के बॉर्डरों पर चल रहे किसान आंदोलन को जींद के आस-पास शिफ्ट करवाना चाहती है। दिल्ली के बॉर्डरों पर चल रहा किसानों का धरना वहीं पर जारी रहेगा। जो केंद्र सरकार की चाल है उसको कामयाब नहीं होने देंगे। हम दिल्ली को किसी सूरत में नहीं छोड़ेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में भी चल रहा आंदोलन जारी रहेगा। टोहाना पुलिस द्वारा पकड़े गए किसानों को लेकर राकेश टिकैत ने कहा, ”जो पकड़े गए वो हमारे ही बच्चे हैं। वो विधायक के आवास का घेराव करने चले गए होंगे। सब आंदोलन का ही हिस्सा है वो हमारे हैं, हम उन्हें समझाएंगे।” उन्होंने हाल में उत्तर प्रदेश में हुए पंचायत के चुनाव में भाजपा द्वारा कम सीटें जीतने की ओर ध्यान दिलाते हुए दावा किया यह पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव भी हारेगी क्योंकि राज्य सरकार ने कोई काम नहीं किया। उन्होंने दावा कि राज्य में आज भी गन्ना किसानों का 23 हजार करोड़ रुपए बकाया है।