News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली में MCD मेयर का चुनाव फिर टला, AAP-BJP पार्षदों के बीच झड़प के बाद बैठक स्थगित


  1. नई दिल्ली, : दिल्ली नगर निगम चुनाव के बाद सबकी निगाहें मेयर चुनाव पर टिकी हुई हैं। लेकिन आज यानी मंगलवार को भी दिल्ली को नई महापौर नहीं मिलेंगी। 

दरअसल, सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामे के चलते आज भी मेयर चुनाव नहीं हो सका।हंगामे के बाद बैठक को आगामी तारीख के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं, जब तक नए मेयर का चुनाव नहीं हो जाता है तब तक एमसीडी पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा कार्य देखेंगी। इससे पहले 6 जनवरी को चुनाव होना था, लेकिन आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच हुए हंगामे के चलते चुनाव नहीं हो पाया था।

बता दें कि छह जनवरी को बैठक जहां खत्म हुई थी, वहीं से आज मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू हुई थी। आज आप पार्षदों के ‘शर्म करो, शर्म करो’ के नारों के बीच पहले सभी मनोनीत सदस्यों को बारी-बारी से शपथ दिलाई गई। इसके बाद सभी निर्वाचित पार्षदों ने शपथ ली। वहीं, शपथ समारोह के दौरान भाजपा नेताओं ने “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारे भी लगाए।

  • 02:25 PM, 24 Jan 2023

    सदन में लगे “केजरीवाल चोर है के नारे”

    शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा के पार्षदों ने केजरीवाल चोर के नारे लगाए।

  • 02:24 PM, 24 Jan 2023

    Delhi Mayor Election: 2 मिनट के लिए बैठक स्थगित

    नारेबाजी के बीच 2 मिनट के लिए बैठक स्थगित।

  • 02:23 PM, 24 Jan 2023

    Delhi Mayor Election: शपथ ग्रहण कार्यक्रम खत्म, अब शुरू होगी महापौर के चुनाव की प्रक्रिया

    Delhi Mayor Election में शपथ ग्रहण कार्यक्रम पूरा हो चुका है और अब महापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

  • 02:21 PM, 24 Jan 2023

    Delhi Mayor Election: शपथ ग्रहण कार्यक्रम खत्म

    शपथ ग्रहण का कार्यक्रम पूरा, भाजपा के सभी सांसद सदन में मौजूद।

  • 02:18 PM, 24 Jan 2023

    आप और भाजपा पार्षदों में नारेबाजी

    भाजपा पार्षद पुनीत शर्मा ने शपथ के बाद जय भाजपा तय भाजपा का नारा लगा दिया, जिसका आप पार्षदों ने विरोध किया तो भाजपा नेताओं ने लगाए मोदी-मोदी के नारे।

  • 02:16 PM, 24 Jan 2023

    भाजपा पार्षदों ने लगाए मोदी-मोदी के नारे

    सदन में भाजपा पार्षदों ने लगाने शुरू किए मोदी मोदी के नारे।

  • 02:14 PM, 24 Jan 2023

    भाजपा पार्षद ने लगाया बागेश्वर धाम की जय का जयकारा

    भाजपा पार्षद राम किशोर शर्मा ने शपथ लेने के बाद लगाया, बागेश्वर धाम की जय का जयकारा।

  • 12:49 PM, 24 Jan 2023

    Delhi Mayor Election: AAP पार्षद बॉबी किन्नर ने ली शपथ

    सुल्तानपुरी से आम आदमी पार्टी की पार्षद बॉबी किन्नर ने सदन की सदस्यता की शपथ ग्रहण की। बता दें कि बॉबी किन्नर एमसीडी की पहली किन्नर पार्षद हैं।

  • 11:45 AM, 24 Jan 2023

    BJP पार्षद राजा इकबाल ने पंजाबी भाषा में ली शपथ

    मेयर चुनाव से पहले सदन की कार्यवाही जारी है। पूर्व महापौर व भाजपा पार्षद राजा इकबाल ने पंजाबी भाषा में शपथ ली।

  • 11:27 AM, 24 Jan 2023

    Delhi Mayor Election: बारी-बारी से शपथ ले रहे मनोनीत सदस्य

    सदन की बैठक शुरू होते ही सभी मनोनीत सदस्य बारी-बारी से शपथ ले रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने पहले मनोनीत सदस्यों की शपथ पर विरोध जताया है। आप नेता मुकेश गोयल ने एजेंडे के अनुसार सदन चलाने की मांग की।

  • 11:14 AM, 24 Jan 2023

    चुनाव से पहले सदन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    दिल्ली नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और सदन से स्थायी समिति के 6 सदस्यों के प्रतिष्ठित पदों के लिए आज चुनाव होगा। इसके मद्देनजर एमसीडी मुख्यालय के सिविक सेंटर में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 12 कमांडो और 70 सिविल डिफेंस वालंटियर्स मार्शल के तौर पर तैनात किए गए हैं।

  • 09:30 AM, 24 Jan 2023

    निगम की बैठक के लिए सदन तैयार

    निगम की बैठक के लिए सदन तैयार

    निगम की बैठक के लिए सदन तैयार हो गया है। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इस बार पीठासीन अधिकारी के आसन के सामने टेबल और कुर्सियां नहीं लगाई गई है। पिछली बार आप पार्षद ने टेबल और कुर्सी उठाकर मारने की कोशिश की थी।

  • 09:25 AM, 24 Jan 2023

    सदन की तैयारी पूरी, 11 बजे शुरू होगी बैठक

    दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। सिविक सेंटर में पार्षदों की केवल उन्हीं गाड़ियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिस पर निगम द्वारा जारी स्टीकर लगा होगा। इसके अलावा राजनीतिक दलों की दूसरी गाड़ियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही सिविक सेंटर के ए-ब्लाक भूतल पर कार्यकर्ताओं के लिए स्क्रीन लगाई गई है, जहां वे कार्यवाही का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

    सदन की बैठक चौथे तल पर निर्धारित है, जहां कार्यकर्ताओं का प्रवेश नहीं होगा। दिल्ली पुलिस ने भी सदन की सुरक्षा संभाल ली है। लगभग छह दर्जन पुलिसकर्मी सिविक सेंटर में तैनात रहेंगे। वहीं, सदन के भीतर 12 कमांडो और 70 सिविल डिफेंस वालंटियर्स मार्शल के तौर पर तैनात होंगे।

  • 09:25 AM, 24 Jan 2023

    सदन में कुछ भी अनैतिक नहीं होने देंगे- AAP

    वहीं, आप सूत्रों का कहना है कि पार्टी पूरी तरह सतर्क है और सदन में कुछ भी अनैतिक नहीं होने देगी। भाजपा सदन में अनैतिक करेगी तो उसका विरोध किया जाएगा। भाजपा ने अगर कार्यसूची के अनुसार सदन नहीं चलाया और अपने तरीके से छह जनवरी की तरह मनोनीत पार्षदों को पहले शपथ दिलाने की कोशिश की तो आप ऐसा नहीं होने देगी। हम चाहते हैं कि जनता के लिए जल्द से जल्द काम शुरू कर सकें। इसलिए आप सदन में बेवजह का हंगामा खड़ा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम में कुछ भी अनैतिक करती है तो फिर आप चुप भी नहीं बैठेगी।

  • 09:24 AM, 24 Jan 2023

    AAP नहीं करेगी सदन की कार्यवाही का विरोध

    एमसीडी की जारी कार्यसूची के अनुसार अगर नगर निगम सदन की कार्यवाही हुई तो आम आदमी पार्टी (आप) विरोध नहीं करेगी। निगम द्वारा जारी कार्यसूची के अनुसार सदन में पहले निर्वाचित पार्षदों की शपथ होगी और उसके बाद मनोनीत पार्षदों की शपथ होगी, फिर महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के छह सदस्यों का भी सदन में चुनाव होना है। यही व्यवस्था रही तो सदन में आप हंगामा नहीं करेगी। आप ने भाजपा से अपील की है कि कार्यसूची के अनुसार ही सदन चलाया जाए।

    आप विधायक एवं पार्टी की ओर से एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने प्रेसवार्ता में कहा आप एमसीडी की कार्यसूची से सहमत है। मंगलवार को सदन की बैठक में हमारे पार्षद कार्यसूची का पालन करते हुए हिस्सा लेंगे। उम्मीद है भाजपा भी कार्यसूची का पालन करते हुए इसे चुनावी प्रक्रिया मानते हुए सहयोग करेगी। हम शुरू से कह रहे हैं कि संविधान व डीएमसी एक्ट के आधार पर चुनाव कराए जाएं तो हमें कोई आपत्ति नहीं होगी।

  • 09:24 AM, 24 Jan 2023

    नियमों के मुताबिक चले सदन- भाजपा महापौर प्रत्याशी

    भाजपा महापौर प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सदन नियमों के मुताबिक चले, साथ ही पार्षदों की शपथ कार्यसूची में तय किए गए क्रम के अनुसार ही कराई जाए। मुकेश गोयल, नेता, आप पार्षद दल आम आदमी पार्टी से आग्रह है कि सदन चलने दें और पार्षदों का शपथ ग्रहण होने दें, ताकि पार्षद जो काम रुके पड़े हैं, उन्हें करवा सकें।

  • 09:24 AM, 24 Jan 2023

    आज नहीं हुआ चुनाव तो अप्रैल तक के लिए टल जाएगी बैठक

    दिल्ली नगर निगम में मंगलवार को अगर पार्षदों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो फिर यह चुनाव अप्रैल तक के लिए टल सकता है, क्योंकि महापौर का कार्यकाल 31 मार्च तक ही है। ऐसे में अगर मंगलवार को शपथ नहीं हो पाई, तो फिर वार्ड समिति और स्थायी समिति के अध्यक्ष का चुनाव कराने का समय भी नहीं बचेगा। इस चुनाव में भी एक माह का समय लग जाता है।

  • 09:23 AM, 24 Jan 2023

    अलग-अलग बूथों में होगा मतदान

    निगम ने मतदान के लिए दो मतदान बूथ बनाया है। महापौर के चुनाव के लिए सफेद रंग की मतपेटी, उपमहापौर के चुनाव के लिए हरे रंग की मतपेटी और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए गुलाबी रंग की मतपेटी बनाई गई है।

    (नोट : स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए केवल 250 निर्वाचित पार्षद ही मतदान करेंगे।)

  • 09:23 AM, 24 Jan 2023

    हंगामा किस सत्र में होगा, यह साफ नहीं

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अनुसार, पिछली बैठक में केवल एक सदस्य की शपथ हो पाई थी, लेकिन वह भी गोल्डन बुक पर हस्ताक्षर नहीं कर पाया था। ऐसे में अगर, पीठासीन अधिकारी ने मनोनीत सदस्यों की शपथ पहले कराई, तो हंगामा होना तय है। लेकिन, हंगामा किस सत्र में होगा, यह साफ नहीं है। हो सकता है कि आम आदमी पार्टी (आप) महापौर का चुनाव कराने के लिए मनोनीत सदस्यों की पहले शपथ पर विरोध तो दर्ज कराए, लेकिन सदन की कार्यवाही में व्यवधान पैदा न करे, यानी कार्यवाही को चलने दे।

    दैनिक जागरण से बातचीत में पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने भाजपा और आप के साथ कांग्रेस से अपील की है कि वह सदन की बैठक सुचारु रूप से चलने दें।