News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली विधानसभा: सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- हमारे 49 MLAs पर दर्ज है FIR, सभी बरी हो रहे हैं


नई दिल्ली, । दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के पांचवें दिन सदन में विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो सकी है। सदन में शुक्रवार को यह प्रस्ताव रखे जाने के बाद से लगातार हंगामा हुआ, जिसके बाद भाजपा के सभी विधायकों को मार्शल आउट कर दिया गया। दरअसल, विपक्ष इस प्रस्ताव का विरोध कर रहा है और इसे सत्तापक्ष का ड्रामा बता रहा है।

हंगामा किए जाने पर विपक्षी सदस्यों को मार्शल आउट किए जाने के सदन में इस प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। सत्तापक्ष इस प्रस्ताव पर चर्चा करा रहा है। चर्चा में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सदन में पहंचे। इस दौरान उन्होंने सदन में अपनी बात रखी।

मनीष सिसोदिया के खिलाफ की गई झूठी शिकायत

सदन में सीएम केजरीवाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ झूठी शिकायत की गई, सिसोदिया ने जांच का सामना किया, मगर यह धमकी नही दी कि आप के खिलाफ मुकदमा कर दूंगा। उनके यहां सीबीआइ का छापा पड़ा, 14 घंटे तक जांच की, फिर इनके गांव में गए, वहां कुछ नहीं मिला, फिर इनका लाकर चेक किया, वहां भी कुछ नहीं मिला।

हमारे 49 विधायकों पर 179 केस- केजरीवाल

सीबीआइ वाले मनीष सिसोदिया से कह रहे थे, कि हमें कुछ नहीं मिला है, मगर ऊपर से दबाव है हमें आपको गिरफ्तार करना पड़ेगा। राजनीति चलती रहती है। मगर ये लोग हमारे लोगों के पीछे पड़े हैं। तमाम केस कर लिए हैं। हमारे 49 एमएलए पर 179 केस किए हैं। अब 34 पर केस बचे हैं। मेरे ऊपर 16 किए थे, 12 में मैं बरी हो गया, चार बचे हैं। इसी तरह सभी बरी हो रहे हैं।

विधायकों की खरीद बंद होनी चाहिए

देश में आज दो पार्टियां हैं, एक कट्टर ईमानइदार और दूसरी कट्टर बेईमान पार्टी है। कट्टर बेईमान पार्टी है जो अपने दोस्तों की चिंता करती है और एक कट्टर ईमानइदार जनता की चिंता करती है। मैंने जनता की बिजली माफ कर दी, क्या गलत कर दिया। ये लोग इसके लिए मुझे गालियां दे रहे हैं। आज हम मांग कर रहे हैं कि विधायकों की खरीद बंद होनी चाहिए। डीजल-पेट्रोल सस्ता किया जाना चाहिए, टैक्स कम किए जाने चाहिए।

‘गरीब का बच्चा आपसे आंख में आंख मिलाकर बात करेगा’

हमने अच्छे स्कूल बना दिए हैं, इस पर इन्हें परेशानी है। कह रहे हैं अधिक शौचालय क्यों बना दिए, स्कूल अच्छे क्यों कर दिए। हम कहते हैं कि इन्हें क्या परेशानी हो रही है। मैं कहता हूं ये करूंगा। गरीब का बच्चा भी आप से आंख में आंख मिलाकर आपसे बात करेगा। पहले ये कह रहे थे स्कूल नहीं बनाए अब कह रहे हैं कि कमरे अधिक बना दिए हैं।

स्कूलों के निरीक्षण करने में हो रहा ड्रामा

आज कर ये लोग स्कूलों के निरीक्षण करने का ड्रामा कर रहे हैं। मैं कहता हूं कि जो भी अच्छा काम कर रहा है उसकी तारीफ करो, मैंने असम के मुख्यमंत्री से कहा कि आप अपने अच्छे काम दिखाइये, हम आएंगे, भाजपा के सभी मुख्यमंत्री से कहा है कि आप अपने अच्छे काम दिखाइए, हम आप को अपने काम दिखाएंगे।

अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया सदन

सदन में विश्वास प्रस्ताव पास किया गया। सदन में मौजूद आप के 59 सदस्यों ने विश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया।

विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल व आप विधायक नरेश बाल्यान विदेश में होने के कारण और कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन जेल में होने के कारण भाग नहीं ले सके। इसके साथ सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया।

विश्वास प्रस्ताव पास होने से पहले सदन में केजरीवाल ने दिल्ली में अपराधों के बढ़ने का आरोप लगाया और इस तुरंत नियंत्रण किए जाने की उपराज्यपाल और प्रधानमंत्री से मांग भी की।