राष्ट्रीय

दिल्ली सीमापर बढ़ा हुजूम,एक और किसानने की आत्महत्या


नयी दिल्ली(आससे)। दिल्ली की सीमाओं पर किसानोंका हुजूम बढ़ गया है। अब भी देशके विभिन्न भागोंसे किसानोंका जत्था दिल्लीकी ओर बढ़ रहा है। 38 दिनों से चल रहे किसान आंदोलन के बीच आज एक किसान ने आत्महत्या कर ली। दिल्ली सीमा के गाजीपुर बॉर्डर पर एक किसान ने धरनास्थल पर बने एक शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या की। भारतीय किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि मृत किसान का नाम कश्मीर सिंह है, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर के निवासी थे। किसान कश्मीर सिंह ने आत्महत्या से पहले एक कथित सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर एक अपील भी लिखी है। उन्होंने लिखा है कि उनकी शहादत बेकार ना जाये। कश्मीर सिंह ने यह भी लिखा है कि उनका अंतिम संस्कार दिल्ली यूपी की सीमा पर ही किया जाये। बता दें कि इससे पहले गाजीपुर सीमा पर शुक्रवार को एक किसान की दिल का दौरा पडऩे से मौत हुई थी। बागपत जिले के भगवानपुर नांगल गांव के निवासी मोहर सिंह (57) को धरनास्थल पर ही दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी, इंदिरापुरम अंशु जैन ने बताया कि मेडिकल जानकारी के अनुसार किसान की दिल का दौरा पडऩे से मौत हुई। इस संबंध में किसान संगठन बीकेयू के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जिन किसानों की मृत्यु हो गई, उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिये।