पटना

दीदियों के सहयोग से ही समाज में सुधार संभव : नीतीश


भागलपुर में सीएम का समाज सुधार अभियान, शराब के कारण घरेलू झगड़े व सडक़ दुर्घटनाएं बढ़ती हैं

भागलपुर (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दूसरी बार समाज सुधार अभियान भागलपुर से शुरू हुआ। राज्य में नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति हेतु समाज सुधार अभियान के तहत बिहार के मुख्यमंत्री भागलपुर हवाई अड्डा मैदान में पहुंचे तथा भागलपुर में फिर दूसरी बार समाज सुधार अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने बांका और भागलपुर की जीविका दीदियों को समाज सुधार की जननी बताया।

उन्होंने कहा की दीदियों के सहयोग से ही समाज में सुधार हो सकता है। उन्होंने एकता शर्मा, शबा परवीन एवं कुसुम पासवान जैसे दीदी से समाज में हो रहे सुधार के बारे में जानकारियां ली। नीतीश कुमार ने कहा कि, लोग कहते थे कि, शराब बंद होने से टूरिस्ट नहीं आएंगे लेकिन मैंने देखा टूरिस्ट की संख्या बिहार में दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। पहले की स्थिति बिहार में बहुत खराब थी। हम 1 दिन में 12 किलोमीटर पैदल चलते थे। आज वैसी कोई स्थिति नहीं रही है। बिहार मे बडी तेजी से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा हम तो समाज के लिए कार्य करते हैं और समाज के लिए करते ही करते रहेंगे। हमारा काम ही सेवा है।

उन्होंने शराब के बारे में कहा और डब्ल्यू एच ओ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि, शराब पीने से 200 तरह की बीमारियां होती है। शराब के कारण 18 फीसदी झगड़े होते है घरो मे शराब से सडक़ दुर्घटनाएं 27 फीसदी होती हैं। उन्होंने गांधी के बारे में कहा कि, गांधीजी कहा करते थे कि शराब आदमियों से ना सिर्फ पैसा छीन लेती है बल्कि उनकी बुद्धि हर लेती है। शराब पीने वाला इंसान हैवान हो जाता है।

उन्होंने बाल विवाह पर कहा कि, बचपन में शादी करने से बच्चे बौने पैदा होते है तथा मंदबुद्धि के शिकार होते हैं। बाल विवाह में लड़कियों के शारीरिक मानसिक और मनोवैज्ञानिक विकास रुक जाता है। दुनिया में सबसे ज्यादा मृत्यु शराब के कारण होती है उन्होंने कहा कि हमने स्त्री और पुरुष दोनों के उत्थान के लिए 5 लाख का अनुदान दिया है। लोग अपना अच्छा से काम करें। निश्चित लोगों के जिंदगी में सुधार होगा। दहेज के बारे में उन्होंने कहा कि, दहेज लेना गुनाह है, क्योंकि स्त्री पुरुष अगर ना हो तो हम नहीं होते इसलिए शादी अगर करेंगे तो दहेज नहीं ले। उसी के शादी में जाएं जो दहेज नहीं लें रहे हैं। हम, आप सभी दीदी को दहेज के खिलाफ अभियान चलाने को कहते है।


विपक्ष से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी पर अटकलों को नीतीश ने किया खारिज

भागलपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी खेमे से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की अटकलों को खारिज कर दिया है। मंगलवार को सीएम ने भागलपुर में कहा कि उन्हें इन सभी अटकलों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसी साल जुलाई-अगस्त में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के मद्देनजर विपक्षी दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बीजेपी विरोधी राजनीति कर रहे तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने राष्ट्रपति के चुनाव पर गैर-भाजपाई और गैर-कांग्रेसी दलों को एक मंच पर लाने पहल की है।

मालूम हो कि पिछले दिनों तेलंगाना के सीएम केसीआर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि दोनों क्षत्रपों की बातचीत में नीतीश कुमार को विपक्षी खेमे की तरफ से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाये जाने की वकालत की गयी थी। उधर, बीते शनिवार को चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गुपचुप मुलाकात ने इस चर्चा को और भी बल दे दिया। सूत्रों का कहना है कि केसीआर की पहल के बाद प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश से मुलाकात की।

हालांकि, इसको लेकर सीएम नीतीश कुमार ने मीडिया के सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर से हुई उनकी मुलाकात का कोई खास मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए।


इस समाज सुधार अभियान में बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, मद्य एवं निषेध मंत्री सुनील कुमार, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, भूमि सुधार व राजस्व मंत्री राम सूरत राय, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, डीजीपी बिहार संजीव कुमार सिंघल, मद्यनिषेध, सचिव प्रत्यय अमृत, अपर प्रधान सचिव के के पाठक तथा भागलपुर जिला अधिकारी सुब्रत सेन एवं तथा बांका के जिला अधिकारी सुहर्ष भगत उपस्थित थे। मुख्य सचिव अमिर सुबहानी ने कहा जागरूकता और कानून तंत्र की सहायता से ही समाज में सुधार आ सकता है। ताडी न पीकर नीरा पीये। वही ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज ने कहा सारी समस्याओं का जड़ शराब था और शराब के बाद दहेज और बाल विवाह में जीविका दीदी के द्वारा ही समाज में विशेष सुधार हो सकता है।

वही उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने नैतिकता से काम किया है ऐसे मुख्यमंत्री ने बिहार की तकदीर और तदवीर ही बदल दी है। न्याय के साथ विकास हो रहा है। पूरी जनता आपके साथ है ऊपर वाले आपको शक्ति दे और बिहार अब दहेज मुक्त बिहार बनेगा। भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि, देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा पिछले पायदान पर बैठे समाज के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मद्यनिषेध मंत्री सुनील कुमार ने बिहार मे हो रहे दिशा और दशा मे सुधार के लिए मुख्यमंत्री के लिए धन्यवाद दिया। सुनील कुमार ने कहा सतत जीविकोपार्जन से 35000 परिवारों के जिंदगी में सुधार हुआ है।