पटना

दूरदर्शन बिहार पर होगी 9वीं से 12वीं की पढ़ाई


      • लाखों बच्चों की 10 से लगेगी क्लास
      • 10 बजे बजेगी 9वीं-10वीं की घण्टी
      • 11 बजे से होगी 11वीं-12वीं की पढ़ाई

 (आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य के सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा के लाखों बच्चे दूरदर्शन बिहार पर पढेंगे। दूरदर्शन बिहार पर बच्चों की पढ़ाई की घण्टी 10 मई से बजेगी। हर दिन एक घंटे की घण्टी 9वीं एवं 10वीं कक्षा के बच्चों की होगी। इसी प्रकार 11वीं एवं 12वीं कक्षा के बच्चों की भी हर दिन एक घण्टे की घण्टी होगी। 9वीं एवं 10वीं के बच्चों के लिए हर दिन दूरदर्शन बिहार पर सबेरे 10 बजे घण्टी लगेगी। यह घण्टी 11 बजे तक चलेगी।

उसके बाद 11 बजे दिन में ही 11वीं एवं 12वीं कक्षा के बच्चों की हर दिन घण्टी लगेगी। यह घण्टी 12 बजे दिन तक चलेगी। दूरदर्शन बिहार पर लगने वाली पढ़ाई की घण्टी का नाम है- मेरा दूरदर्शन मेरा विद्यालय।

दूरदर्शन बिहार पर बच्चों की पढ़ाई की घण्टी बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से बजेगी। दूरदर्शन बिहार पर 9वीं से 12वीं कक्षा की पढ़ाई का रुटीन जारी करते हुए बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक ने इन कक्षाओं के छात्र-छात्राओं से कहा है कि प्रसारण को निश्चित रूप से देखें। साथ ही प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से उन्होंने विशेष आग्रह किया है कि विद्यार्थियों द्वारा प्रसारण को देखा जाना सुनिश्चित करायें, ताकि सभी विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो सकें।

दूरदर्शन बिहार पर बजने वाली पढ़ाई की घण्टी से इस कोरोनकाल में बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य में 9वीं से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई वाले तकरीबन आठ हजार सरकारी स्कूल हैं। इसके साथ ही सरकार द्वारा अनुदानित 72 ग़ैरसरकारी एवं अल्पसंख्यक तथा 715 प्रस्वीकृत एवं स्थापना की अनुमति प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में भी 9वीं एवं 10वीं कक्षा की पढ़ाई होती है। 599 कॉलेजों में भी 11वीं एवं 12वीं कक्षा की पढ़ाई होती है। उल्लेखनीय है कि कोरोना की भयावहता को लेकर राज्य के तमाम शिक्षण संस्थान पांच अप्रैल से बंद हैं।