News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

देश के पहले प्रधानमंत्री पं. नेहरू की 57वीं पुण्यतिथि आज, राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि


  • नई दिल्ली। स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी 57वीं पुण्यतिथि पर पूरा देश याद कर रहा है। पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत देश के अन्य बड़े नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आज उन्हें शांतिवन समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि दी और पुष्प अर्पित किए।

राहुल ने साझा किए नेहरू के विचार
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए जवाहर लाल नेहरू के विचार साझा किए। उन्होंने लिखा, ‘अगर बुराई अनियंत्रित बढ़ती है और आप उस बुराई को सहन करते हो; तो वह बुराई पूरे सिस्टम को नष्ट कर देती है। पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर हम उनके ये शब्द याद करते हैं।’

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी। सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा, ”जो व्यक्ति अधिकतर अपने ही गुणों का बखान करता रहता है वो अक्सर सबसे कम गुणी होता है…’जवाहरलाल नेहरू जी स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न और भारत में लोकतंत्र को सबल बनाने वाले, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’

दिल्ली CM ने भी किया याद
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी जवाहरलाल नेहरू को याद किया। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, ‘भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।’

27 मई, 1964 को हुआ था नेहरू का निधन
भारत के इतिहास की बात करें तो देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का निधन आज ही के दिन हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने के बाद आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के तौर पर जवाहरलाल नेहरू की उपलब्धियों से इतिहास भरा पड़ा है। आज देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 57वीं पुण्यतिथि है। देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। गौरतलब है कि देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू ने अगस्त 1947 से 27 मई, 1964 तक देश की कमान संभाली थी। नेहरू का निधन 1964 में हुआ था।