Latest News नयी दिल्ली स्वास्थ्य

देश में कोरोना महामारी का प्रकोप जारी, 71 प्रतिशत नए मामले 10 राज्यों में आए सामने


  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में आए 4,03,738 मामलों में से 71.75 फीसदी, महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली समेत 10 राज्यों से हैं। सूची के अन्य 10 राज्यों में केरल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और हरियाणा हैं।मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 56,578 नए मरीजों की पुष्टि हुई है जिसके बाद कर्नाटक में 47,563 और केरल में 41,971 मामले मिले हैं।

उसने बताया कि कुल 30.22 करोड़ नमूनों की जांच पूरे देश में की गई हैं जबकि दैनिक कोविड-19 संक्रमण दर 21.64 प्रतिशत है।भारत में इलाजरत मरीजों की संख्या 37,36,648 पहुंच गई है और यह कुल मामलों का 16.76 प्रतिशत है। 24 घंटे की अवधि में इलाजरत मरीजों की संख्या में 13,202 की कमी आई है।मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश में देश के 82.94 प्रतिशत उपचाराधीन संक्रमित हैं।

उसने कहा, ” राष्ट्रीय मृत्यु दर गिर रही है और यह फिलहाल 1.09 प्रतिशत है।”इसके अलावा, पिछले 24 घंटे में 4,092 मौतें हुई हैं। इनमें से 74.93 प्रतिशत मरीजों की मृत्यु 10 राज्यों में हुई हैं।महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 864 लोगों की जान गई है। इसके बाद कर्नाटक में 482 लोगों की मौत हुई है।मंत्रालय ने बताया कि 20 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 10 लाख की आबादी पर मृत्यु राष्ट्रीय औसत (176) से कम है जबकि 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह राष्ट्रीय स्तर से अधिक है।