News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

दोबारा शादी करने जा रहे पंजाब के सीएम भगवंत मान, कल बंधेंगे परिणय सूत्र में!


 चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत मान दोबारा शादी करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह वीरवार को चंडीगढ़ में परिणय सूत्र में बंधेंगे। सूत्रों के मुताबिक शादी समारोह सादा होगा। इसमें आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के भी शामिल होने की उम्‍मीद है।

पंजाब के सीएम भगवंत मान जिस लड़की के से साथ शादी करने जा रहे हैं उसका नाम डा. गुरप्रीत कौर बताया जा रहा है। हालांकि सीएम ने अभी अपनी शादी को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है। शादी मान के आवास पर होगी। भगवंत मान अभी 48 वर्ष के हैं और उनका पहली पत्नी से चार वर्ष पूर्व तलाक हो चुका है।

बताया जाता है कि भगवंत मान और डा. गुरप्रीत कौर पिछले एक-डेढ़ साल से काफी नजदीक थे। यह भी जानकारी मिली है कि डा. गुरप्रीत कौर हरियाणा के हिसार की रहने वाली हैं। शादी समारोह बेहद निजी रखे जाने की सूचना है। गुरप्रीत कौर का और भगवंत मान का परिवार एक-दूसरे को काफी समय से जानता है। गुरप्रीत कौर अक्सर भगवंत मान की बहन के साथ शापिंग आदि करने के लिए भी जाती थी।

बता दें, भगवंत मान की यह दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उनका चार वर्ष पहले तलाक हो चुका है। पहली पत्नी से मान की एक बेटी व एक बेटा है। दोनों अपनी मां के साथ विदेश में रहते हैं। भगवंत मान ने जब सीएम पद की शपथ ली थी तो दोनों पिता से मिलने शपथ ग्रहण समारोह में आए थे।

अपने शपथ ग्रहण समारोह में बेटी व बेटे को देखकर भगवंत मान काफी भावुक हो गए। उन्होंने अपने दोनों बच्चों को गले से लगा दिया। दोनों बच्चे अमेरिका में पढ़ रहे हैं। वर्ष 2014 में जब भगवंत मान ने संगरूर से लोकसभा चुनाव लड़ा तब उनकी पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर उनका प्रचार करती भी नजर आई थी। हालांकि बाद में दोनों अलग हो गए। इंद्रप्रीत कौर दोनों बच्चों को लेकर अमेरिका चली गई।