वाराणसी

धान खरीदनेके बाद भुगतानमें न हो लापरवाही


अपर मुख्य सचिव कृषि ने किया बड़ागांव धान क्रय केन्द्र का औचक निरीक्षण
बड़ागांव। अपर मुख्य सचिव कृषि एवं जिले के नोडल अधिकारी डाक्टर देवेश चुतर्वेदी ने मंगलवार को सायं चार बजे धान क्रय बड़ागाँव केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मोबाइल के माध्यम से धान बिक्री करने वाले दर्जनों किसानों को फोन मिलाकर वार्ता की जिसमे कई किसानों का फोन भी नही उठा। उन्होंने बड़ागाँव विकास खंड क्षेत्र के साईपुर निवासी जीबोध सिंह,बरही नेवादा निवासी त्रिभुवन सिंह,मिथिलेश सिंह से धान विक्रय में आने वाली समस्याओं एवं भुगतान के संबंध में पूछताछ की।
क्षेत्रीय बिपरण अधिकारी रतन कुमार सेन द्वारा अपर मुख्य सचिव को बताया गया कि अभी तक लगभग १८२ किसानों से ५३९५ कुन्तल धान की खरीद किया जा चुका है जिसमें १०३ किसानों का भुगतान हो पाया है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी समस्याओं को दूर कर भुगतान की कार्यवाही तत्काल पूर्ण की जाये इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। इस दौरान किसानों ने यूपी स्टेट एग्रो साधोगंज केन्द्र के तीन दिन से बंद होने एवं अनेई केन्द्र में धान की खरीददारी ना होने की शिकायत की। जिसपर उन्होंने टोकन अपडेट करने तथा पारदर्शी तरीके से क्रय करने का निर्देश देने के साथ ही क्रय किये गये धान के नियमित मिल में भेजने का निर्देश देते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्य,जिला खाद्य विपरण अधिकारी अरुण कुमार तिवारी,अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति नलिनीकांत सिंह, क्षेत्रीय बिपरण अधिकारी द्वय ओमप्रकाश चंद्र,धर्मबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।