पटना

नवादा: पुत्र को जन्म नहीं देने के कारण ससुराल वालों ने की विवाहिता की हत्या


अकबरपुर (नवादा)(संसू)। 35 वर्षीय विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामले में ससुराल पक्ष के 7 नामजद लोगों के खिलाफ़ महिला उत्पीड़न एवं पुत्र नहीं जन्मे के आरोप में हत्या का केस दर्ज कर किया है। मिरचोय गांव, थाना सतगामा, जिला कोडरमा ,राज्य झारखंड के निवासी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उसने अपनी बेटी गुड़िया की शादी 15 वर्ष पूर्व अकबरपुर थाना क्षेत्र के कोसुम्हार निवासी विनोद सिंह के पुत्र नीतीश कुमार के साथ किया था।

शादी के बाद कुछ दिनों तक ससुराल पक्ष वालों की तरफ़ से मधुर संबंध थे। लेकिन मृतक गुड़िया देवी ने पहली बच्ची जन्म के बाद दूसरी बच्ची का जन्म जब दिया तब से ही पति एवं ससुराल वालों ने उसे वंश चलाने के लिए पुत्र जन्म देने की बात कही। उसी के बाद आए दिन उसे प्रताड़ित करते रहे। कई बार इस घटना को लेकर दोनों पक्ष में मान मनोबल की बात करवा कर मामला शांत कर दिया गया।

लेकिन जैसा ही तीसरी बच्ची का जन्म हुआ ससुराल वाले उसे ज्यादा प्रताड़ित करने लगे और जान मारने की धमकी देते रहे और अंततः उसकी गला दबाकर ससुराल वालों ने हत्या कर दिया। मृतका के पिता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुत्र रत्न नहीं प्राप्त होने पर वो उसकी बेटी गुड़िया के साथ मारपीट करते थे और उसे जान से मारने की धमकी भी देते थे। मृतका का पति नीतीश कुमार हमेशा शराब की नशे में हमारी पुत्री गुड़िया से पुत्र जन्म आने की बात करते रहे। पुत्र नहीं प्राप्त होने के साथ उन्होंने उसकी बेटी गुड़िया के साथ मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी।

मृतका के पिता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह को उसके पास पड़ोसियों का फ़ोन आया कि उसकी बेटी की हालत खराब है। सूचना मिलते ही वह और उसके परिवार वाले गुड़िया की ससुराल कोसुमहर गांव पहुंचे। वहां देखा उसकी बेटी मृत हालत में पड़ी हुई थी। जिसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस दी। वहीं इस मामले में जांच अधिकारी मुन्ना कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कोसुम्हार गांव में एक महिला की मौत हो गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तब तक मृतक के ससुराल वाले घर छोड़कर फ़रार हो गए। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर मृतक महिला के पति नीतीश कुमार, ससुर विनोद सिंह, सास आशा देवी समेत 7 लोगों के खिलाफ़ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला के शव का सदर अस्पताल नवादा में पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौप दिया है। इस घटना के बाद मृतक के मायके वालों की रो रोकर बुरा हाल था।