पटना

नालंदा के हर घर से होगा एक भाजपा सदस्य: राजीव रंजन


बिहारशरीफ (आससे)। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व इस्लामपुर के पूर्व विधायक राजीव रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को नालंदा में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने जिले में एनडीए के पास अभूतपूर्व जन समर्थन होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों के कारण एनडीए सरकार को नालंदा की जनता ने हमेशा ही सर-माथे पर बैठाया है और अब कोरोना काल में सरकार ने जिस मेहनत और लगन से आम लोगों की जिंदगी बचायी है, उससे लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि नालंदा में लोगों में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति गजब का आकर्षण है। यही वजह है कि गत वर्ष चलाये गये भाजपा के सदस्यता अभियान को यहां के लोगों ने जबर्दस्त समर्थन दिया था। यह बात सर्वविदित है कि नालंदा हमेशा से ही ज्ञानियों और राष्ट्रवादियों की भूमि रही है, जहां के लोगों के लिए राष्ट्रधर्म हमेशा ही सर्वाेपरि रहा है। भाजपा और आम लोगों के विचारों की यही समानता जनता को भाजपा से जोड़ रही है। प्रधानमन्त्री मोदी के सबल नेतृत्व के कारण पहली बार पूरी दुनिया में भारत की ताकत और प्रतिष्ठा को अभूतपूर्व ढंग से बढ़ते देख कर यहाँ के लोगों में भाजपा के प्रति आकर्षण बढ़ना स्वाभाविक है।

कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी बीते अभियान में हमारा लक्ष्य जिले के हर घर से कम से कम एक सदस्य को पार्टी से जोड़ना था, जिसके तहत अधिकांश घरों तक भाजपा पहुंच चुकी थी। मेरी जिले के तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं से यह अपील है कि अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत कराएं और उन्हें पार्टी से जोड़ें। बिहार की आत्मनिर्भरता के लिए नालंदा का आत्मनिर्भर बनना काफी जरूरी है जो केवल भाजपा की नीतियों से ही संभव है।

श्री रंजन ने कहा कि वर्तमान समय में नालंदा जिले की बात करें तो एनडीए सरकार के कामों के कारण यहाँ के लोगों में सरकार की लोकप्रियता में काफी बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण एनडीए काफी मजबूत स्थिति में पहुंच चुका है। दूसरी तरफ विपक्षी दलों की स्थिति में लगातार गिरावट देखी जा रही है। याद करें तो पहले जहां नालंदा में मुलभुत सुविधाओं का भी अभाव था, वहीँ आज नालंदा के सभी घरों में बिजली, पानी, रसोई गैस जैसी सुविधाएं पंहुच चुकी है। हकीकत में एनडीए सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों में नालंदा काफी आगे है।

आज चाहे क्षेत्र शिक्षा का हो या स्वास्थ्य का, महिला सशक्तिकरण का हो या किसानों के विकास का, सरकार ने शोषित, वंचित, दलित, अल्पसंख्यक समेत समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किए है। सरकार के प्रयासों से नालंदा में आया परिवर्तन आज साफ दिखाई देता है। इसके अलावा सरकार ने नालंदा के ऐतिहासिक गौरव को भी पुनर्बहाल करने में अहम भूमिका निभाई है। इस दिशा में सरकार द्वारा किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप आज यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ चुकी है, जिससे यहाँ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।