पटना

निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लायें,  दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ के निर्माण को लेकर रेलवे से हो गयी बात : सीएम


(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को निर्माणाधीन रोड प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लायें। दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ के निर्माण के लिए रेलवे से बात हो गयी है। जहां भी सडक़ निर्मा में दिक्कत आ रही है इसकी जानकारी हमने ली है। उन दिक्कतों को दूर किया जायेगा।

मुख्यमंत्री पहले मीठापुर गोलबंर पर अधिकारियों ने रेखाचित्र के माध्यम से मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। कहा इस पथ का निर्माण तेजी से पूर्ण करायें।  इसके बाद मुख्यमंत्री करबिगहिया गोलंब से सिपारा होते हुए महुली पहुंच कर एनएच ८३ पटना-गया-डोभी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गया ऐतिहासिक जगह है। गया और पुनपुन मे बड़ी संख्या में लोग पिंडदान करने के लिए आते हैं। पटना-गया-डोभी मार्ग के बन जाने से पटना से गया आवागमन और आसान हो जायेगा। साथ ही पर्यटकों को भी काफी सहुलियत होगी तथा इस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। मुख्यमंत्री इस दरम्यान रूक रूक कर स्थानीय लोगों से बातचीत कर वहां की समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने एनएच ८३ का निरीक्षण करने के बाद मसौढ़ी-पित्तमास-नौबतपुर मार्ग होते हुए दानापुर में दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ के निर्माण कार्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ग्रामीण कार्य के सचिव सह बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल सिंह समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न स्थलों पर जाकर सडक़ों के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हैं। इसी सिलसिले में आज भी विभिन्न स्थानो का दौरा कर सडक़ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सडक़ निर्माण कार्य में क्या दिक्कत आ रही है इसकी भी जानकारी ली।

शराबबंदी का अध्ययन करने के लिए राजस्थान से आयी टीम के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान से टीम आयी है। उनलोगों से कल मेरी मुलाकात हुई है। वे लोग भी बिहार में घुम घुम कर पूर्ण शराबबंदी के सफल कार्यान्वयन का अध्ययन करना चाहते हैं। पहले भी कई राज्यों से टीम आकर बिहार के शराबबंदी का अध्ययन किया है।