पटना

विधानसभा में मनरेगा के आंकडों की भिन्नता को लेकर नोकझोंक


      • गलत आंकड़ा फीड करने वाले अधिकारी पर होगी सख्त काररवाई : श्रवण
      • अप्रैल से सरकार सख्ती से वसूलेगी वाटर यूजेज चार्ज : सम्राट

(आज समाचार सेवा)

पटना। विधानसभा में मनरेगा के आंकड़े में भिन्नता को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के बीच नोक झोक हुई। नेता प्रतिपक्ष का कहना था कि वेबसाईट का आंकड़ा अलग है और सरकार के आंकडें में अंतर है। मंत्री ने अपने जवाब में बताया कि अगर आंकड़ा में भिन्नता है। गलत आंकड़ा फीड करने वाले अधिकारी को चिन्हित कर उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। नेता प्रतिपक्ष का कहना था कि आइये मेरे चैंबर या कहीं अलग बैठ कर इसकी जांच कर लें, इसके बाद दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। मंत्री भी तैयार हो गये।

ग्रामीणा विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अपने जवाब के क्रम में सदन को बताया कि मनरेगा का काम मांग आधारित है। सरकार ने जॉबकार्डधारियों को काम करने के आमंत्रित भी किया है। जब काम आवंटित हो जाता है जो उस वक्त अन्य कार्य में लग जाते हैं। कोरोना काल में भी २१ लाख मानव दिवस सृजित कर बिहार ने कीर्तिमान रचा है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष २०२०-२१ में पहले १८ करोड़ मानव दिवस सृजन का लक्ष्य मिला। इसके बाद २० लाख तथा अंत में २२.५० करोड़ मानव दिवस सृजन का लक्ष्य केंद्र ने दिया। उपलब्धि २२.७६ करोड़ मानव दिवस सृजित किया गया। जिसकी स्वीकृति भूतलक्षी प्रभाव से प्रदान की गयी।

वित्तीय वर्ष २०२१-२२ में अब तक मनरेगा मं कुल ६२.०६ लाख व्यक्तियों के द्वारा काय की मांग की गयी, जिसके विरुद्घ ६१ लाख ६७ हजार व्यक्तियों को कार्य आवंटित किया गय। जो लक्ष्य का ९९.८१ प्रतिशत है। राष्ट्रीय स्तर पर यह औसत ९९.११ प्रतिशत है। जिन व्यक्तियों का कार्य आवंटित किया गया उनमें से ४५ लाख २४ हजार लोग कार्य करने के लिए कार्य स्थल पर आये। अबतक कुल १४.७१ लाख मानव दिवस सृजित किया।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंत्री के जवाब को चुनौती देते हुए कहा कि वेबसाइट में ६२.१९ लाख लोगों के रोजगार मांगने की बात कही गयी है जबकि एक अन्य वेबसाईट में १.५३ करोड़ के रोजगार मांगने की बात कही गयी है। इसका मतलब डाटा फर्जी है। आपने जो डाटा दिया वह कहां का है। प्रश्न स्थगित कर दिया जाये तथा अगली तिथि के सरकार सही जवाब दे। सरकार कंफ्यूजन में है।

मंत्री श्री कुमार ने कहा कि सरकार अगर जवाब नहीं देतेी तो प्रश्न स्थगित कर देते। जवाब के लिए एक सप्ताह इंतजार करना होगा। भाजपा के नंद किशोर यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष शब्दों का चयन सही ढंग से करें। आप भी मंत्री रहे हैं। भाजपा के ही संजय सरावगी कुछ बोलना चाह रहे थे, परंतु स्पीकर विजय कुमार चौधरी ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि आप आसन को गाइड मत कीजिये।

पवन कुमार जायसवाल के अल्पसूचित प्रश्न का जवाब देते हुए पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि नल जल के अनुरक्षण के लिए नयी नीति का गठन जून २०२१ में बनी है। इसके बाद पंचायत चुनाव की प्रकिया शुरू हो गयी। वार्ड सदस्य सह अनुरक्षक के द्वारा जन जल यूजर फी के रुप में ४९.३५ करोड़ की वसूली नहीं हो पायी है। सरकार एक अप्रैल के बाद सख्ती से यूजेज चार्ज की वसूली करेगी।