Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

न्यूयार्क में दो सिखों पर हमला, 10 दिनों में दूसरी ऐसी घटना


न्यूयार्क, । अमेरिका के न्यूयार्क में दो सिखों (Attack on Two Sikh) पर हमला हुआ है। ये घटना रिचमंड हिल्स की बताई जा रही है। न्यूयार्क में भारतीय कांसुलेट जनरल ने इसकी जानकारी दी है। कांसुलेट ने इस घटना की निंदा भी की है। कांसुलेट ने आगे बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है।

एक बयान में कहा गया, ‘न्यूयार्क के रिचमंड हिल्स में दो सिखों पर हमला निंदनीय है। हमने मामले में स्थानीय अधिकारियों और न्यूयार्क शहर के पुलिस विभाग से संपर्क किया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। हम समुदाय के सदस्यों के संपर्क में हैं। पीड़ितों की हरसंभव मदद को तैयार है।’

इस बीच, न्यूयार्क राज्य विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा कि न्यूयार्क में सिखों के खिलाफ हेट क्राइम में जीरो टोलरेंस है। राजकुमार ने कहा, ‘न्यूयार्क स्टेट आफिस के लिए चुने गए पहले पंजाबी अमेरिकी के रूप में, मैं स्पष्ट शब्दों में कहती हूं कि न्यूयार्क में सिख अमेरिकी समुदाय के खिलाफ घृणा अपराधों के लिए जीरो टोलरेंस है।’