News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब

पंजाब की पांच राज्यसभा सीटों पर आप प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन, भज्जी खुद नहीं पहुंचे


चंडीगढ़। राज्य सभा सदस्य चुने गए हरभजन सिंह पहले दिन ही ‘हिट विकेट’ हो गए है। भज्जी शुक्रवार को राज्य सभा का सदस्य चुने जाने का सर्टिफिकेट लेने के लिए खुद नहीं पहुंचे। उनका सर्टिफिकेट कभी नवजोत सिंह सिद्धू के खजांची रहे गुलजार सिंह चाहल ने लिया, जबकि चार अन्य राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, संजीव अरोड़ा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल खुद सर्टिफिकेट लेने के लिए पहुंचे।

सुबह सबसे पहले संजीव अरोड़ा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी-सह-पर्यवेक्षक डा. एस करुणा राजू और राज्य सभा चुनाव पंजाब 2022 के रिटर्निंग अफ़सर-सह-पंजाब विधान सभा के सचिव सुरिंदर पाल ने सर्टिफिकेट सौंपा। इसके बाद संदीप कुमार पाठक, कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और लाल चंद कटारूचक्क के साथ पहुंचे, जिनको सुरिंदर पाल ने सर्टिफिकेट सौंपा।

 

शाम को राघव चड्ढा और अशोक मित्तल ने सर्टिफिकेट लिया। अहम बात यह है कि क्रिकेटर व राज्य सभा सदस्य चुने गए हरभजन सिंह का सर्टिफिकेट लेने के लिए गुलजार इंदर सिंह चाहल पहुंचे। चाहल को कभी नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस का खजांची बनाया था।

चन्नी सरकार के एजी व डीजीपी नहीं बदलने को लेकर जब नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश प्रधान पद से इस्तीफा दिया था तब चाहल ने भी इस्तीफा दे दिया था। सिद्धू ने बाद में अपना इस्तीफा वापस ले लिया। इसके बाद सिद्धू के साथ जिन भी पदाधिकारियों ने इस्तीफे दिए थे वह रद कर दिए गए थे। चाहल का इस्तीफा भी रद हो गया था, लेकिन उन्होंने बाद में अपना पदभार ग्रहण नहीं किया।