पटना

पटना: अध्यासी सदस्य व कार्यमंत्रणा समिति की घोषणा


(आज समाचार सेवा)

पटना। विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मॉनसून सत्र के सफल संचालन के लिए सत्र के पहले दिन अध्यासी सदस्य और कार्यमंत्रणा समिति के सदस्यों के मनोनयन की की घोषणा की। डा प्रेम कुमार, नारेंद्र नारायण यादव अवध बिहारी चौधरी, ज्योति देवी एवं मो आफाक आलम को अध्यासी सदस्य के रुप में मनोनीत किया गया है।

जबकि कार्य मंत्रणा समिति में विधानसभाध्यक्ष अध्यक्ष होंगे तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तारकिशेार प्रसाद, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार सिन्हा, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजित शर्मा, तथा विशेष आमंत्रित सदस्य के रुप में माले विधायक दल के नेता महबूब आलम, वाम दलों के रामरतन सिंह, अजय कुमार, एआइएमआइएम के अख्तरूल इमान को मनोनीत किया गया है।

सदन में स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा लोजपा विधायक राज कुमार सिंह जो मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक थे उनके जदयू में शामिल होने के अनुरोध को मंजूरी दे दी है। अब लोजपा का एक भी विधायक बिहार विधानसभा में नहीं रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने के थोड़ी देर बाद सभा सचिव भूदेव राय ने बजट सत्र के दौरान विधानमंडल से पारित १२ विधेयकों के राज्यपाल से मंजूरी मिलने के प्रमाणीकृत प्रति को सदन के पटल पर रखा गया। वहीं श्री राय ने बिहार पंचायती राज संशोधन नियमाली अध्यादेश २०२१ के राज्यपाल से प्रख्यापित प्रमाणित प्रति को सदन के पटल पर रखा।