पटना

पटना: इमरजेंसी लगाना गलत काम था : नीतीश


(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में इमरजेंसी लगाना गलत काम था। इस दौरान इमरजेंसी के नाम पर लोगों का मौलिक अधिकार छीन लिया गया था। री कुमार विधानमंडल परिसर में पत्रकारों द्वारा राहुल गांधी के इमरजेंसी पर दिये गये बयान पर पूछे गये सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।

इसके बाद हुए चुनाव में जनता ने कांग्रेस को पराजित कर अपना संदेश दिया था कि देश कांग्रेस के विरोध में है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों से प्रभावित होकर देश की सभी विपक्षी पार्टियों ने मिलकर जनता पार्टी बनाकर कांग्रेस को हराया था। राहुल जी ने जो कुछ भी कहा, यह उनका निजी विचार है।

फिल्म स्टार्स पर आज हुए इनकम टैक्स की रेड को लेकर पूछे गये पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इनकम टैक्स विभाग का मामला है। इनकम टैक्स विभाग को नियम और कानून के तहत अधिकार दिये गये हैं। इसके बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त करना उचित नहीं है। बिहार की जेलों में आज एक साथ हुई छापेमारी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जेल के अंदर की सभी चीजों पर नजर रखनी जरूरी है।

समीक्षा बैठक के दौरान हम इन चीजों की जानकारी लेते रहते हैं कि कहां क्या स्थिति है। जेल का संचालन कैसे हो रहा है, जेल के अंदर क्या गतिविधि चल रही है, इसको कभी-कभी देखना जरूरी होता है। इसी को लेकर जेलों में छापेमारी की जाती है। यह बहुत ही आवश्यक है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों के समक्ष जो तथ्य सामने आये हैं, उस पर उपयुक्त काररवाई की जायेगी।