पटना

पटना: कल से ठंड और बढ़ जायेगी


पटना (आससे)। पहाड़ों पर कई दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी का असर राजधानी में भी लगातार दिख रहा है। यहां भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि सडक़ पर गाडिय़ों का चलना भी मुश्किल हो गया है। ठंड और कोहरे का असर सडक़ और हवाई दोनों यातायात पर पड़ रहा है। इसके कारण यहां के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह में राजधानी कोहरे की चादर में लिपट जा रही है।

दोपहर के बाद कुहासा छंटता है, लेकिन सूर्यदेव लुकाछिपी करते हुए ही दर्शन देते हैं। रविवार को भी सुबह से दोपहर तक कुहासा ही छाया रहा। लोगों ने धूप निकलने की उम्मीद छोड़ रखी थी। लेकिन, दोपहर के ठीक बाद धूप खिलने के साथ ही लोगों के चेहरे भी खिल उठे। पिछले कई दिनों से गरम कपड़े पहन अपने-अपने घरों में कैद लोग धूप का सेवन करने निकल आये।

वहीं कई लोग अपने परिजनों के साथ पार्क पहुंच गये और वहां तब तक रहे, जब तक कि धूप समाप्त नहीं हो गयी। इधर,ठंड के बढ़ जाने के कारण गरम कपड़ों का बाजार एक बार फिर गरम हो गया है। साथ ही इलेक्ट्रिक दुकानों में रूम हीटर, ब्लोअर की खरीदारी के लिए लोग उमड़ पड़े।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को पटना का न्यूनतम 12 तथा अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। केंद्र के निदेशक के अनुसार अभी ठंड के कमने के आसार नहीं हैं। सुबह में कुहासा छाया रहेगा। 26 जनवरी से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आयेगी। इसके कारण ठंड और भी बड़ जायेगी।