पटना

पटना: चेनारी के चार मुखिया हटाये गये


(आज समाचार सेवा)

पटना। १४ वें वित्त आयोग की राशि से पंचायतों में सोलर लाइट लगाने में अनियमितता करने को लेकी रोहतास का चेनारी प्रखंड टॉप पर है। एक बार फिर चार मुखिया को शेष अवधि के लिए हटाया गया है। वैसे इस प्रखंड के १९ पंचायत में गड़बड़ी की जांच चल रही है। जिसमें से लगभग १० मुखिया को शेष अवधि के लिए उनके पद से हटा दिया गया है।

पंचायती राज विभाग से जारी अलग-अलग आदेश में कहा गया है कि इन पंचायतों के मुखिया द्वारा आयोग के निर्देश की अवहेलना कर नियम के विरुद्घ सोलर लाइट की खरीदारी की गयी और राशि का दुर्विनियोजन और गबन किया गया है। हालांकि मांमले की विस्तृत जांच के बाद मामला प्रकाश में आया तो अधिकांश मुखिया ने राशि को खजाने में जमा करा दिया। परंतु विभाग की नजरों में नियमों की जानकारी न होने और खजाने में राशि जमा कर देने से अपराध की गंभरता को कम कर नहीं आंका जा सकता। यह विल्कुल ही क्षम्य नहीं है।

मामले की जांच बीडीओ, एसडीओ और डीएम से करायी गयी है। जांच रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गयी है। जिन मुखिया को शेष अवधि के लिए हटाया गया है उनमें चेनारी प्रखंड के उगहनी पंचायत के मुख्यिा राजवंश पासवान, बनौली पंचायत की मुखिया आशा देवी, डिहरिया पंचायत के मुखिया संतोष तिवारी, फलवरिया पंचायत के मुखिया शिशंकर प्रसाद हैं।