पटना

पटना: नमो सरकार में सशक्त हो रही हैं बेटियां : रविशंकर


बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम’ में जुटे कई नेता

(आज समाचार सेवा)

पटना। नमो ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का जो महामंत्र दिया है, उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक खड़े लोगों तक पहुंचाना होगा। ये बातें रविवार को केन्द्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहीं। वे महानगर भाजपा के बेटी सुरक्षा एक चुनौती विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नमो सरकार में बेटियों के उत्थान और सशक्तीकरण की कई योजनाएं लागे की गयी हैं, जिसे जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि नमो सरकार ने महिलाओं के लिए महिला रेजिमेंट बनाकर उनका सम्मान किया है। आज बेटियां फाइटर प्लेन उड़ा रही है, यह नमो सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ एक ऐसा मंच है, जो समाज को अपने साथ जोडऩे व सामाजिक समस्या को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कुम्हरार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि आज बेटियों की सुरक्षा के लिए जन-जागरूकता अभियान मंच कारगर सिद्ध हो सकता है। महानगर भाजपा अध्यक्ष अभिषेक चन्द्रवंशी ने कहा कि केन्द्र की जो योजनाएं हैं, उसे आम जनता तक पहुंचाने के लिए हमें व्यापक स्तर पर काम करना होगा। इसके माध्यम से सामाजिक कुरीतियों और कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराइयों को नियंत्रित किया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शोभा कुमार, जबकि मंच संचालन प्रमोद चंद्रवंशी ने किया। कार्यक्रम को बीजेपी के महामंत्री अमृता भूषण, सजल झा और रीता शर्मा सहित कई लोगों ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम में पटना महानगर मंडल के सदस्यों भी बड़ी भूमिका निभायी।