पटना

पटना: नीलाम होंगे पाटलीपुत्र एग्जॉटिका और महाराजा कॉम्पलेक्स!


सूची में कई बड़े मॉल और होटल के नाम भी

(निज प्रतिनिधि)

पटना। पटना नगर निगम शहर के बड़े बड़े मॉल्स और होटल को लेकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। नगर निगम के करोड़ों के होल्डिंग टैक्स बकाए को लेकर शहर के ऐसे ही 15 बड़ी चर्चित संपत्तियों को चिन्हित किया गया है। जिन्हें जब्त कर अब उन्हें निलाम किया जा सकता है। नगर निगम से ऐसे संपत्तियों की जो सूची सामने आई है उनमें होटल पाटलिपुत्र एग्जॉटिका, पटना स्टेशन स्थित महाराज कॉम्पलेक्स और होटल पाटलिपुत्र निर्वाण, बिस्कोमान कॉलोनी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

होल्डिंग टैक्स की वसूली को लेकर नगर निगम बेहद सख्त हो गया है। बताया जा रहा है कि टैक्स जमा करने को लेकर पटना नगर निगम द्वारा 15 निजी संपत्ति के मालिकों को नोटिस दिया गया था, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब या फिर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में नगर निगम ने अब उक्त 15 संपत्तियों को कब्जे में लेकर नीलाम करने की तैयारी की है। इसी महीने 15 से 25 मार्च तक इन जगहों पर पटना नगर निगम की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को लेकर नगर आयुक्त द्वारा सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। नगर निगम का कहना है कि बकाया वसूली को लेकर नगर निगम में सूची तैयार की जा रही है, इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। नोटिस पर ध्यान नहीं देने वालों पर सख्ती की जा रही है। कोई भी नोटिस पर जवाब नहीं दे रहा है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का कहना है कि टैक्स चुकाने को लेकर लोग गंभीर नहीं हैं तो वह सावधान हो जाएं।

बकाया पर एक्शन लिया जा रहा है

महाराजा कॉम्प्लेक्स पाटलीपुत्रा बिल्डर्स, पाटलिपुत्रा निर्वाना, पाटलिपुत्रा एक्जॉटिका, दीघा आशियाना क्षेत्र के कई दुकान एवं मकान, पाटलिपुत्रा कॉलोनी, बिस्कोमान कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर मौर्या कॉलोनी भवन महाराजा कामेश्वर कॉम्प्लैक्स 35,68,634, होटल पाटलिपुत्रा निर्वाण 1,33,10,652, होटल पाटलिपुत्रा एग्जॉटिका 3,77,58,854, ट्रांसपोर्ट नगर मौर्या कॉलोनी 4,93,056, महारानी कॉलोनी 4,45,466, पाटलिपुत्रा मॉल 7,03,567 और सुचित्रा राधा कॉम्प्लैक्स 7,51,215 रुपये बकाया है।