पटना

पटना: मुख्यमंत्री से मिले मणिपुर विस चुनाव में जीते छह विधायक


ललन सिंह ने नवनिर्वाचित विधायकों के सम्मान में दिया रात्रिभोज

(आज समाचार सेवा)

पटना। मणिपुर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले जदयू के सभी छह विधायकों ने शुक्रवार को एक अणे मार्ग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ‘ललन’ के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, बिहार सरकार के जल संसाधन व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा, राष्ट्रीय महासचिव एवं नॉर्थ ईस्ट के प्रभारी आफाक अहमद खान, राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी अनिल हेगड़े एवं जदयू नॉर्थ ईस्ट एग्जीक्यूटिव काउंसिल के अध्यक्ष  एनएसएन लोथा इस दौरान मौजूद रहे।

वहीं, मुख्यमंत्री से मिलने वाले मणिपुर के छह विधायक हैं- थंगमेईबंद से जीते खुमुकचम जोइकिसन सिंह, वांग्खेई से जीते थंगजम अरुण कुमार, लिलांग से जीते मो. अब्दुल नासिर, जिरिबाम से जीते मो. अचाबउद्दीन, चुराचांदपुर से जीते एल.एम. खाउते एवं तिपाईमुख से जीते न्गुसंगलुर सानाटे हैं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने राजधानी पटना स्थित एक होटल में सभी नवनिर्वाचित विधायकों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चैधरी, अशोक चैधरी,  संजय झा, राष्ट्रीय पदाधिकारी आफाक अहमद खान, रवीन्द्र सिंह, अनिल हेगड़े,  एनएसएन लोथा व अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

ललन सिंह ने इस खास मौके पर कहा कि जदयू के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। मणिपुर के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का मैं ह्रदय से अभिनंदन करता हूँ। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये सभी सुदूर उत्तरपूर्व में ‘न्याय के साथ विकास’ के ध्वजावाहक बनेंगे। उन्होंने कहा कि हमें इस बात की प्रसन्नता है कि जदयू ने बिहार से बाहर मजबूती से कदम रखा है। हम अपने नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शीघ्र ही राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करेंगे।