पटना

पटना में गंगा नदी पर बनेगा चौथा पुल


कई हाईवे मार्ग को केन्द्र ने दी मंजूरी

(निज प्रतिनिधि)

पटना। नितिन नवीन, पथ निर्माण मंत्री, बिहार सरकार ने बुधवार को अनुराग ठाकुर, वित्त राज्य मंत्री, भारत सरकार के साथ औपचारिक बैठक की। अपने दिल्ली यात्रा के दूसरे दिन पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन अनुराग ठाकुर से मिलकर बिहार के आधारभूत संरचना जिसमें मुख्यत: सड़क निर्माण और परिवहन से संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान नवीन ने एशियन डेवलपमेंट बैंक द्वारा वित्त सम्पोषित बिहार राज्य उच्च पथ परियोजना फेज ३-२ के लिए लगभग 2800 करोड़ निर्गत करने का अनुरोध किया। बढ़ते हुए परिवहन के दवाब से निपटने के लिए शहरी परिवहन आधारित संरचना के विकास हेतु दो शहरों में पाइलट प्रोजेक्ट शुरू करने पर सहमति बनी। वित्त मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस संबंध में वित्त पोषण किये जाने का आश्वासन मिला।पथ निर्माण विभाग, बिहार द्वारा बिहार रोड मास्टर प्लान के अनुरूप प्रत्येक ब्लाक के मुख्यालय को जोडऩे की दो लेन सड़क बनाने की योजना है, उस पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

ठाकुर ने कहा कि पथों को चिन्हित करते हुए ठोस प्रस्ताव मंत्रालय को समर्पित किया जाय। वित्त मंत्रालय प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव पर हर संभव सहायता करेगी। श्री नवीन ने आश्वासन पर संतोष जताया और पूर्ण प्रस्ताव जल्द से जल्द समर्पित करने का भरोसा दिलाया।जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी द्वारा बिहार राज्य में वृहद् परियोजना के वित्त सम्पोषण की प्रक्रिया को सरल करने का श्री नवीन ने अनुरोध किया। सरल प्रक्रिया से वृहद् योजनाओं का प्रस्ताव जल्दी किया जा सकेगा। ठाकुर द्वारा आश्वासन दिया गया कि इस सरलीकरण प्रक्रिया के लिए वित्त मंत्रालय आवश्यक कदम उठायेगा।

उन्होंने नवीन को आश्वस्त करते हुए प्रस्ताव समर्पित करने हेतु अनुरोध किया। बिहार की प्रतिष्ठित परियोजना कच्ची दरगार से बिदुपुर न्यू गंगा ब्रिज की लोन को मियाद जून, 2021 में खत्म हो रही है। नवीन ने आग्रह किया कि लोन की मियाद को जून 2023 तक बढ़ा दिया जाय। उन्होंने परियोजना की विस्तृत चर्चा वित्त राज्य मंत्री से की तथा बताया कि गंगा के उपर पुल के निर्माण से बिहार की अर्थव्यवस्था पर दूरगामी असर पड़ेगा। ठाकुर द्वारा लोन की मियाद जून 2023 तक विस्तारित करने के लिए मंत्रालय के पदाधिकारियों को निदेश दिया गया।

बैठक के दौरान पथ निर्माण मंत्र के द्वारा औद्योगिक एवं सांस्कृतिक कॉरिडोर के निर्माण हेतु चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास के लिये उद्योगों और उससे जुड़े छोटी इकाईयों को जोडऩे के लिये पथ निर्माण विभाग प्रस्ताव तैयार कर रही है। इन पथों के निर्माण होने से औद्योगिक इकाई मुख्य मार्ग से जुड़ जायेगी और कच्चे माल का औद्योगिक इकाई मुख्य मार्ग से जुड़ जायेगी और कच्चे माल का औद्योगिक इकाई में आना सस्ता और सुलभ हो सकेगा साथ ही उत्पादित वस्तुओं को बाजार तक पहुँचने में कम समय लगेगा तथा व्यय भी कम होगा।

औद्योगिक विकास होने से बिहार की अर्थव्यवस्था अच्छी होने की संभावना है।इसी प्रकार प्रचीन धरोहर एवं सांस्कृतिक स्थलों को भी जोडऩे का प्रस्ताव है। ऐसेा होने से बिहार के प्राचीन धरोहर और संस्कृति को पहचान दिलाया जा सकता है तथा पर्यटन का भी विकास होगा। बैठक के दौरान हुई चर्चा के बाद नितिन नवीन ने बताया की बैठक बहुत ही सार्थक रही और राज्य वित्त मंत्री के द्वारा मिले आश्वासन के बाद पथ निर्माण विभाग सभी प्रस्तावों को स्वीकृति हेतु जल्द से जल्द वित्त मंत्रालय को समर्पित करेगी।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निदेश दिया कि प्रस्ताव पूर्ण रूप से ठोस हो और वित्त सम्पोषण हेतु परियोजनाओं को बाह्य वित्त सम्पोषित परियोजना के मानक के साथ तैयार कर समर्पित करें। उन्होंने श्री ठाकुर को धन्यवाद देते हुए अपेक्षित सहयोग की कामना की। बैठक में वित्त मंत्रालय के वरीष्ठ पदाधिकारी एवं बीएसआरडीसीएल के मुख्य महाप्रबंधक संजय कुमार उपस्थित थे।