पटना

पटना में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पत्नी और बेटी की हत्या कर खुद को मारी गोली


तीनों की मौके पर मौत, पटना के पुलिस कॉलोनी सेक्टर-ए में हुई वारदात

पटना। राजधानी पटना के अनिसाबाद के पुलिस कॉलोनी के सेक्टर-ए में एक सनकी पति ने अपने पहली पत्नी की 14 साल की  बेटी और दूसरी पत्नी को गोली मार दिया और इसके बाद खुद को गोली मार दिया। मौके पर तीनों की मौत हो गयी। मौके पर पहुचीं पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है जबकि घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, 23 राउंड गोली और 4 मैग्जीन बरामद किया है। बतौर एसएसपी सनकी पति ने एक गोली पहली पत्नी की बेटी, एक गोली अपने दूसरी पत्नी को मारने के बाद खुद को गोली मार लिया। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद था।

वारदात पटना के पॉश इलाके पुलिस कॉलोनी के ए-ब्लॉक में गुरुवार दोपहर की है। शख्स ने पहले बेटी के सिर पर पिस्टल रखकर गोली मार दी। फिर पत्नी को इसी तरह शूट किया। अंत में खुद की कनपटी पर गोली मार ली। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

शख्स का नाम राजीव कुमार था और वह बेरोजगार था। उसने पहली पत्नी की मौत के बाद अपनी साली प्रियंका भारती से शादी की थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया था। प्रियंका सचिवालय में नौकरी करती थी। बेटी का नाम सारा उर्फ संस्कृति भारती था। वह पहली पत्नी से थी। प्रियंका अपनी मां के साथ रहती थी। संस्कृति भी इन्हीं के साथ रहती थी। राजीव अपनी बेटी को बेगूसराय में अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन वह मान नहीं रही थी। हत्या के पीछे यही वजह मानी जा रही है।

दिल दहलाने वाली यह वारदात गर्दनीबाग थाना के तहत पुलिस कॉलोनी के ए-ब्लॉक की है। गुरुवार की दोपहर 12.20 के करीब यह वारदात आइपीएस नसीम अहमद के घर के बाहर हुई। अचानक से एक के बाद एक 3 गोलियां चलीं। इसके बाद सन्नाटे से भरे इलाके में सनसनी मच गयी।

इलाके के लोग अपने घरों से बाहर निकले, तो रोड पर खून से लथपथ तीन लाशें पड़ी दिखीं। फिर इलाके के लोगों ने ही गर्दनीबाग थाना की पुलिस को जानकारी दी। इस सूचना के बाद पटना पुलिस के अधिकारियों में हडक़ंप मच गया, क्योंकि जिस इलाके में घटना हुई, वहां कई पुलिस अफसरों के घर हैं। इसमें वर्तमान और रिटायर्ड आईपीएस के घर भी शामिल हैं।

घटनास्थल पर थाने की पुलिस के साथ ही पटना के एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो जांच करने पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल की टीम भी आई। इलाके के लोगों की मानें तो राजीव लोडेड पिस्टल लेकर पहले से घात लगाये था। दरअसल, उसकी बेटी सारा, पत्नी प्रियंका और सास 3 दिन पहले बेगूसराय में एक शादी में शामिल होने गई थी। राजीव को इन सभी के आने की जानकारी मिल चुकी थी। इसलिए जिस गली में सारा की नानी किराये के मकान में रह रही थी, उसी के कॉर्नर पर राजीव इन सभी का इंतजार कर रहा था। जैसे ही तीनों आईं, वैसे ही उसने गोली मार दी।

घटना के बारे में बताया जाता है कि प्रारंभिक स्थिति में पता चलता है कि बेगूसराय के बिहट का रहने वाला राजीव कुमार की पहली पत्नी का निधन हो गया था। उस पत्नी से उसे एक बेटी सारा हुई थी। उसके बाद लोगों के समझाने-बुझाने पर राजीव के ससुराल वालों ने उसकी शादी साली प्रियंका भारती से करा दी। परिवार वालों ने प्रियंका भारती को मृत बहन की बेटी सारा का जीवन देखते हुए बहनोई राजू से शादी कराने को राजी कर लिया था। प्रियंका भारती ने अपने बहनोई राजीव कुमार से विवाह किया था मगर विवाह के बाद ही अच्छे संबंध नहीं रहे। प्रियंका का अपने पति राजू से मनमुटाव रहने लगा जिससे दोनों अपनी अपनी राह बदल लिए। इसके बाद पटना के सतीश कुमार के साथ प्रियंका भारती ने दूसरा प्रेम विवाह कर लिया। वही उसकी बेटी सारा भारती भी अपनी मौसी यानी दूसरी मम्मी प्रियंका भारती के साथ ही रहने लगी।

इधर राजीव शुरू से अपनी बेटी को अपने कब्जे में लेना चाहता था मगर बच्ची उसके (पिता राजीव के) व्यवहार से उसके पास जाना नहीं चाहती थी। इस बात को लेकर विवाद होता रहता है इसी विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। पटना के फुलवारीशरीफ के रहने वाले सतीश कुमार फिलहाल सेना के एयर फोर्स में तैनात है। परिवारवालों के मुताबिक सतीश फिलहाल दिल्ली में है जो अपनी पत्नी और बेटी की हत्या की घटना सुनकर पटना के लिए रवाना हो चुके हैं। परिवार वालों के मुताबिक प्रियंका भारती पटना सचिवालय में हेल्थ विभाग में काम करती थी। प्रियंका भारतीय फिलहाल पुलिस कॉलोनी सेक्टर ए अनिसाबाद में स्थित रिटायर्ड पुलिस अधिकारी जी.एन शर्मा के मकान के ऊपरी तल में बतौर किरायेदार रह रही थी।