पटना

पटना में 1984 प्रधान शिक्षकों की होगी बहाली


      • पूर्वी चंपारण में 1914 व मधुबनी में 1883 पद
      • 40,518 प्रधान शिक्षकों की नियुक्ति को 23 तक होगा रोस्टर क्लियर

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य के 40,518 प्रधान शिक्षकों की नियुक्ति के लिए रोस्टर क्लियर होगा। प्राथमिक शिक्षा निदेशक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को रोस्टर क्लियर करने का निर्देश देते हुए 23 अक्तूबर तक कोटिवार रिक्ति समेकित कर रिपोर्ट मांगी है। 40,518 प्राथमिक विद्यालयों में 40,518 प्रधान शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। इसके लिए राज्य सरकार के पंचायतीराज संस्था एवं नगर निकाय संस्था के अधीन पंचायत प्रारंभिक शिक्षक व नगर शिक्षक के मूल कोटि  के स्वीकृत पदों में से 40,518 पद प्रत्यार्पित किये गये हैं और प्रधान शिक्षक के इतने ही पद स्वीकृत किये गये हैं।

रोस्टर क्लियर करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को दिये गये निर्देश में प्राथमिक शिक्षा निदेशक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार के अधीन सीधी नियुक्ति में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा लागू आरक्षण का प्रावधान प्रभावी होगा। प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक की नियुक्ति जिला स्तर पर आरक्षण रोस्टर के अनुसार की जायेगी। प्रधान शिक्षक का आरक्षण-समाशोधन से संबंधित कार्य जिलाधिकारी द्वारा किया जायेगा।  प्रधान शिक्षक के पद पर नियुक्ति के लिए आरक्षण बिन्दु एक से प्रारंभ होगा।

रोस्टर क्लियर करने के लिए जिलावार स्वीकृत पद भी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को भेजे गये हैं। इसके मुताबिक सबसे ज्यादा 1984 पद पटना जिले में हैं। दूसरा स्थान पूर्वी चंपारण जिले का है, जहां 1914 पद हैं। तीसरा स्थान मधुबनी का है, जहां 1883 पद हैं। चौथा स्थान गया का है, जहां 1697 पद हैं। पांचवां स्थान पश्चिमी चंपारण का है, जहां 1639 पद हैं। छठे स्थान पर मुजफ्फरपुर है, जहां 1632 हैं। सातवें स्थान पर समस्तीपुर है, जहां 1540 पद हैं। आठवें स्थान पर सारण है, जहां 1436 पद हैं। नौवें स्थान पर दरभंगा है, जहां 1424 पद हैं। 10वें स्थान पर  पूर्णिया है, जहां 1354 पद हैं।

नालंदा में 1352, अररिया में 1327, रोहतास में 1271, बांका में 1220, सीवान में 1209, भोजपुर में 1139, कटिहार में 1115, वैशाली में 1112, सीतामढ़ी में 1107, औरंगाबाद में 1093, गोपालगंज में 1055, सुपौल में 1047, नवादा में 963, भागलपुर में 902, जमुई में 828, किशनगंज में 812, मधेपुरा में 810, सहरसा में 754,  बेगूसराय में 738, बक्सर में 651, कैमूर में 612, जहानाबाद में 547, खगडिय़ा में 544, मुंगेर में 536, लखीसराय में 473, अरवल में 335, शेखपुरा में 247 एवं शिवहर में 216 पद हैं।