पटना

पटना: समग्र शिक्षा अभियान के लिए 4.58 अरब जारी


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य में समग्र शिक्षा अभियान के लिए चार अरब 58 करोड़ 14 लाख 81 हजार 667 रुपये की राशि विमुक्त हुई है। इसमें दो अरब 74 करोड़ 88 लाख 89 हजार रुपये की राशि केंद्रांश मद की एवं इसके समानुपातिक एक अरब 83 करोड़ 25 लाख 92 हजार 667 रुपये की राशि राज्यांश मद की है।

समग्र शिक्षा अभियान केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसमें केंद्र एवं राज्य की हिस्सेदारी 60:40 है। केंद्र द्वारा केंद्र प्रायोजित योजनाओं सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान एवं शिक्षक शिक्षा योजनाओं को एकीकृत कर प्री-स्कूल से 12वीं कक्षा तक के लिए समग्र शिक्षा अभियान संचालित किया गया है।

वित्तीय वर्ष 2020-21 में केंद्र द्वारा समग्र शिक्षा अभियान के लिए 74 अरब 23 करोड़ 80 लाख 96 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके मुताबिक केंद्र द्वारा वास्तविक रूप से कुल 38 अरब 27 करोड़ 55 लाख रुपये विमुक्त किया जाना है। इसमें से 35 अरब 58 करोड़ 84 लाख 68 हजार रुपये प्रारंभिक शिक्षा के लिए केंद्रांश के रूप में निर्धारित है।

इसकी पहली किस्त के रूप में केंद्र द्वारा दो अरब 74 करोड़ 88 लाख 89 हजार रुपये की राशि केंद्रांश मद में दी गयी है। इसके समानुपातिक राज्यांश मद की राशि एक अरब 83 करोड़ 25 लाख 92 हजार 667 रुपये है। दोनों ही व्यय की स्वीकृति के साथ विमुक्त हुई है।