पटना

पटना: 257 अधिकारियों के तबादले के कार्यान्वयन पर रोक


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। अवर शिक्षा सेवा (प्राथमिक शाखा) के 257 अधिकारियों के तबादले के आदेश के कार्यान्वयन पर रोक लग गयी है। उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार तबादले को लेकर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी को विभिन्न स्त्रोतों से शिकायतें मिली हैं। इसके मद्देनजर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार अब मामले की समीक्षा करेंगे।

अवर शिक्षा सेवा (प्राथमिक शाखा) के 257 अधिकारियों के तबादले के आदेश ज्ञापांक- 431 से बुधवार को जारी किये गये थे। स्थानान्तरित किये गये 257 अधिकारियों में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं राजकीय बुनियादी विद्यालयों के प्राचार्य हैं। स्थानान्तरण आदेश जारी होने के अगले ही दिन स्थानान्तरण के क्रियान्वयन को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। इससे संबंधित आदेश प्राथमिक शिक्षा निदेशक डॉ. रणजीत कुमार सिंह के हस्ताक्षर से गुरुवार को जारी हुआ है।

आदेश में कहा गया है कि ‘अवर शिक्षा सेवा (प्राथमिक शाखा) संवर्ग के पदाधिकारियों का स्थानान्तरण निदेशालय आदेश ज्ञापांक-431 (30 जून, 2021) के द्वारा किया गया था। निदेशानुसार, उक्त आदेश द्वारा किये गये स्थानान्तरण के क्रियान्वयन को तत्काल प्रभाव से स्थागित किया जाता है’।

इसकी प्रतिलिपि सभी जिलाधिकारियों, पेंशन शाखा (प्राथमिक शिक्षा), सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) एवं कोषागारों को दी गयी है।