राष्ट्रीय

पहाड़ोंमें बर्फबारीसे उत्तर भारतमें शीतलहर


लंदन से भी ठंडा कानपुर
नयी दिल्ली। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप इस कदर है कि लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उत्तर भारत में बीते कई दिनों से सर्दी का प्रकोप जारी है और दिल्ली की ठंड ने तो रविवार को रिकॉर्ड ही तोड़ दिया। दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मौसम की सबसे सर्द सुबह रही और तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया। उत्तर प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी दी गई है और घना कोहरा भी छाया रहेगा। वहीं दिल्ली में बर्फीली हवाओं का कहर जारी रहेगा। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर सहित उत्तर भारत रविवार को भी कड़ाके की सर्दी से जूझता रहा। राजस्थान के माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री पहुंच गया। हिमाचल प्रदेश में केलांग सबसे सर्द बना रहा, जहां न्यूनतम तापमान -11 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि कश्मीर में 40 दिन का ‘चिल्लई कलांÓ सोमवार से शुरू हो रहा है, जिस दौरान जबर्दस्त सर्दी पड़ती है। यूपी के कानपुर शहर की रात लंदन, नैनीताल, दार्जिलिंग और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी है। यहां रविवार को न्यूनतम तापमान लगातार गिरते हुए 4.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि बर्फबारी वाले शहरों में गिने जाने वाले शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है। कानुपर में रविवार को अधिकतम तापमान 20.6 तो न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5.6 था। पिछले 72 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की कमी आई है। लंदन में पारा 6 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला में रविवार को तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में रविवार को थोड़ा सुधार हुआ लेकिन घाटी में रात में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। वहीं 40 दिन का चिल्लई कलां का दौर सोमवार से शुरू होने जा रहा है जिस दौरान जबर्दस्त सर्दी पड़ती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से कल रात समूची कश्मीर घाटी में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई लेकिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सर्दी की वजह से घाटी के कई इलाकों में पानी की लाइनें और जलाशयों में पानी जम गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि इस महीने के अंत तक केंद्र शासित प्रदेश में भारी बर्फबारी का अनुमान नहीं है, जबकि कश्मीर के कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हो सकती है।हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं और कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। केलांग, काल्पा, मनाली और मंडी में पिछले 24 घंटे में तापमान शून्य से नीचे रहा। यहां आने वाले दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है।पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिन से सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और मौसम विभाग के अनुसार आदमपुर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जो शून्य डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा। आदमपुर जहां पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, वहीं अमृतसर में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पंजाब को भी अगल कुछ दिनों में राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत मिली है जहां बीती शनिवार रात न्यूनतम तापमान माउंट आबू में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में राजस्थान के ज्यादातर भागों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने और सोमवार से राज्य में शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इस दरम्यान कुछ अंचलों में कोल्ड डे के हालात रहेंगे यानी दिन में धूप नहीं निकलेगी। राज्य के कुछ स्थानों पर पाला पडऩे की भी आशंका है। सुबह व रात में घना कोहरा छाया रह सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान मुजफ्फरनगर रहा, जहां रात का पारा 2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।बिहार में रविवार को भी दिनभर ठंडी हवा चली। हालांकि, अगले 24 घंटे में शीतलहर से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। पटना में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक-दो दिनों तक ऐसी स्थिति रहने के बाद फिर से उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवा का सूबे में प्रवेश होगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से उत्तर बिहार में शीतलहर जारी है। तेज बर्फीली हवा चलने से मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे नीचे चला गया है। न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री पर पहुंच गया है। बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आयी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2004 से 2020 के दौरान 17 वर्षों में दूसरी बार न्यूनतम तापमान सबसे निचले स्तर पर पहुंचा है। इससे पहले 2015 में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 4.8 डिग्री पर पहुंच गया था। इसके बाद दूसरी बार वर्ष 2020 में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 6.9 डिग्री पर पहुंचा है।